शरह में हर हफ्ते चलेगा आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी शहर में लगातार आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और शहर वासियों के द्वारा की जा रही शिकायतों के बाद अब नगर निगम मंडी ने शहर में कुत्तों को पकड़कर नसबंदी करवाने का कार्य शुरू कर दिया है। नगर निगम मंडी के आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। जिसको लेकर शहरवासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज करवाई है।

  • शहर वासियों की शिकायतों पर नगर निगम आयुक्त ने लिया फैसला
  • हफ्ते में एक बार कुत्तों को पकड़ कर करवाई जाएगी नसबंदी
  • नगर निगम मंडी ने पशु पालन विभाग के सहयोग से शुरू किया अभियान

शहर वासियों का कहना है कि सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्ग और बच्चों को आवारा कुत्तों से बना हुआ है। क्योंकि अकसर लोग सुबह के समय शहर में सैर के लिए निकलते हैं, तभी यह लोगों पर झपट पड़ते हैं। राजीव ने बताया कि लोगों की शिकायतों पर अब नगर निगम शहर में पशुपालन विभाग के सहयोग से कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान हर हफ्ते चलेगा, जिसमें शहर के आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी की जाएगी, ताकि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को आवारा कुत्तों से निजात दिलाई जा सके।