देश में ढूंढने से नहीं मिल रही कांग्रेस, पार्टी के ग्रहों का योग नहीं चल रहा ठीकः जयराम ठाकुर

Congress is not getting it by searching in the country, the sum of the planets of the party is not working properly: Jai Ram Thakur
देश में ढूंढने से नहीं मिल रही कांग्रेस, पार्टी के ग्रहों का योग नहीं चल रहा ठीकः जयराम ठाकुर

मंडीः देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ऐसा माहौल और तूफान खड़ा हो गया है कि जहां पर भी चुनाव होता है, वहां पर भाजपा की सरकार बनती है। देश में कांग्रेस ढूंढे से नहीं मिल पा रही है और इनके ग्रहों का योग भी ठीक नहीं चल रहा है।

यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्राम पंचायत कोठी के गांव गुरूकोठा में आयोजित जनसभा के दौरान कहीं। सीएम ने कांग्रेस पार्टी पर एक बाद एक जोरदार जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान में कांग्रेस पार्टी का सबसे खराब दौर चल रहा है और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े प्रदेश के चुनावों में 400 सीटों पर प्रत्याशी खड़े करने के बाद 367 सीटों पर उनकी जमानत जब्त हो जाती है।

कांग्रेस से लोगों का भरोसा और विश्वास उठ गया है और नेतृत्व दिशाहीन होने के साथ उखड़ गया है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता राष्ट्रीय स्तर पर भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हुए हैं लेकिन कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत एक है।

जम्मू और कश्मीर में धारा 370 भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार द्वारा खत्म की गई। कांग्रेस के नेता भारत जोड़ो तो अन्य नेता कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर निकले हुए हैं। कांग्रेस पार्टी के साथ 1970 से जुड़े गुलाब नबी आजाद भी कांग्रेस से आजाद हो गए हैं। प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्षा के साथ अन्य चार नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था लेकिन उनमें से दो कार्यकारी अध्यक्ष और अन्य बड़े नेता भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।

यह भी पढ़ें : राजनीतिक लड़ाई विचारधाराओं की लड़ाई, न की गुंडागर्दी कीः अजय महाजन

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में मंहगाई को लेकर आयोजित रैली में राहुल गांधी द्वारा आटे को लीटर में तोला गया। राहुल गांधी पर उन्हें बहुत दया आती है क्योंकि जब उन्होंने कभी आटा खरीदा ही नहीं तो उन्हें आटे को तोलने के बारे में कैसे पता हो सकता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने पार्टी में पैसे के दम पर टिकट बिकने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा की केंद्र सरकार के 8 वर्षों के कार्यकाल पर आज तक एक उंगली तक नहीं उठी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य में प्रधानमंत्री द्वारा 5 वर्षों में 9 बार आना कोई छोटा विषय नहीं है। कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान एक बार प्रधानमंत्री हिमाचल आकर रिज के मैदान पर ठंडी हवा में नींद के झोंकें लेकर वापिस लौट गए।

लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शिमला दौरे के दौरान माल रोड़ के एक कोने से दूसरे कोने तक पैदल चलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अटल टनल रोहतांग का श्रेय इंदिरा गांधी को देती है।

लेकिन अटल टनल का शिलान्यास अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किया गया था। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस टनल का निर्माण कार्य वर्ष 2024 में पूरा होना था। उसे वर्ष 2020 में पूरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता को समर्पित कर दिया गया।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।