मुद्दावहीन हाे चुकी कांग्रेस पार्टी : नीलम चौधरी

एमसी शर्मा। नादौन

कांग्रेस पार्टी के पास न कोई स्थानीय नेता है और न ही कोई मुद्दा। विधानसभा अरकी एवं जुब्बल कोटखाई से प्रचार करने के बाद वापस नादौन में आकर पत्रकारों से बात करते हुए ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जुब्बल कोटखाई एवं अरकी की प्रभारी नीलम चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में मंडी लोक सभा एवं तीनों विधानसभा क्षेत्र की सीटें भाजपा बाहरी मतों से जीतने जा रही है। नीलम ने बताया कि कांग्रेस के पास भाजपा सरकार के खिलाफ कोई भी मुद्दा नहीं है, जबकि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ भी नहीं किया। उन्होंने बताया कि जब से प्रदेश एवं केंद्र में भाजपा सरकार बनी है, तब से यह डबल इंजन की सरकार विकास की ऊंचाइयों को छू रही है तथा गरीबों की हर संभव मदद की जा रही है।

नीलम ने बताया भाजपा के पास केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित कई बड़े चेहरे प्रचार में लगे हुए हैं, लेकिन कांग्रेस के पास कन्हैया कुमार जैसे जिनके ऊपर राष्ट्रद्रोह मामला लगा हो ऐसे लोगों से प्रचार करवाने के लिए मजबूर होना पड़ गया है।

कन्हैया कुमार ने जब देश एवं सैनिक भाइयों के प्रति अपशब्द बोले थे, तब राहुल गांधी उनके साथ खड़े हो गए थे। इसका जवाब हिमाचल की जनता इन उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी को दे देगी। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा जिला शिमला के अध्यक्ष धर्म प्रकाश वर्मा, जिला महासु अध्यक्ष हरि सिंह वरागटा, ओबीसी मोर्चा जिला परिषद सदस्य निमा जेस्टा, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रेमलता, मंडल अध्यक्ष गगनदीप, समाज सेवक बजरंग सिंह, मंगतराम शर्मा, अशोक कुमार व ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।