कांग्रेस पार्टी के पास नेता, नीति और नियत की कमी: सुरेश कश्यप

मंडी: कांग्रेस पार्टी के पास नेता, नीति और नियत की कमी है। कांग्रेसी बिना नेतृत्व के अपने ही नेता एक दुसरे की जड़ें काटने में लगे हुए हैं। यह तंज रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने द्रंग में विजय संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कसा है। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि आज पूरे देश में कांग्रेस के टुकड़ों में बैठी हुई है। वही प्रदेश में कांग्रेस का हर कोई नेता अपने आप को सीएम समझ बैठा है।

प्रदेश अध्यक्ष कभी अपने केंद्रीय नेतृत्व पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है तो कभी इनके नेता प्रतिपक्ष अपने ही नेताओं पर टिकट बेचने के आरोप लगाकर, पार्टी छोड़ने की धमकी तक दे रहे हैं। विधानसभा चुनावी प्रचार प्रसार में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी को पछाड़ दिया है और प्रदेश के 68 विधानसभा चुनावों में एक साथ विजय संकल्प अभियान कर कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व के लिए चुनौती पेश कर दी है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास जहां केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा विश्व का सबसे ताकतवर नेता हैं। वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जैसा ईमानदार और गरीबी से निकला हुआ व्यक्ति दिन रात बिना आराम किए लोगों की भलाई के लिए लगातार कार्य करने में व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास हुआ है। भाजपा इन चुनावों में प्रदेश में हुए विकास के नाम पर जनता से वोट मांगेगी। इस मौके पर उन्होंने पार्टी प्रत्याशी पूर्ण चंद ठाकुर के पक्ष में मतदान करने की भी अपील की।

यह भी पढ़ेंः बुजुर्ग एवं दिव्यांग घर से ही कर सकेंगे मतदान

भाजपा की विजय संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनसभा में द्रंग में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी व कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। इससे पूर्व सुरेश कश्यप ने जोगिंदर नगर में भी विजय संकल्प अभियान के तहत रैली को संबोधित किया। वहीं इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष ने मंडी सदर में भी रैली को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा व भारतीय जनता पार्टी पक्ष में वोट करने की अपील की।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।