युवा कांग्रेस अध्यक्ष का ताज आर एस बाली टीम की देन : निगम भंडारी

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। कांगड़ा

प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष निगम भंडारी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर युवाओं को लामबन्द करने का आह्वान किया। निगम ने कहा कि बेरोजगारी का मुद्दा उनके राजनीतिक गुरु जी एस बाली की सबसे बड़ी चिंता है और युवा कांग्रेस बेरोजगारी के मुद्दे पर युवाओं की लड़ाई लड़ेगी। निगम ने बिल्कुल स्पष्ट लहजे में कहा कि उन्हें युवा कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए आर एस बाली की टीम की अहम भूमिका रही है।

आज कांगड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए निगम भंडारी ने कहा कि उनके चुनावी अभियान की शुरुआत कांगड़ा से हुई थी और अध्यक्ष बनने के उपरांत पहली बैठक का आयोजन भी कांगड़ा में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह कांगड़ा में जी एस बाली जी का आशीर्वाद लेने आये हैं साथ ही आर एस बाली व उनकी युवा टीम का धन्यवाद करना भी उनका मकसद है।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस चुनाव में उनके प्रणेता आर एस बाली थे। बाली ने अपनी टीम के साथ दिन रात मेहनत करके उन्हें अध्यक्ष पद पर विराजमान करने में निर्णायक भूमिका अदा की।
निगम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा का अहम महत्व है। उन्होंने कहा वह कांगड़ा के महत्व को और गौरवशाली बनाने के पक्ष धर हैं ताकि प्रदेश की भावनात्मक एकता को बनाये रखा जा सके।


उन्होंने युवा कांग्रेस चुनावों में सभी बरिष्ठ नेताओं का उनके मार्गदर्शन व सहयोग के लिए आभार जताया।
इससे पहले आर एस बाली ने अपने संबोधन में कहा कि एक किसान परिवार के युवक का प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष बनना हर्ष की बात है।उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि निगम भंडारी ग्रामीण क्षेत्र में युवा कांग्रेस का प्रसार करेंगे व युवओं को संगठित करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस को बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे को अपनी प्राथमिकता में शुमार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों बागवानों को मिलने वाले मिनिमम सपोर्ट प्राइस से कतई समझौता नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में युवा कांग्रेस निर्णायक भूमिका निभायेगी।