अपनी समस्याओं काे लेकर विधायक से मिला प्रतिनिधिमंडल

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

विधायक पवन काजल ने कहा कि चंगर क्षेत्र में शुरू होने जा रही 24 घंटे पेयजल स्कीम में पलवाना गांव को भी जोड़ा जाएगा। पेयजल योजना का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। पलवाना गांववासियों को निर्माणाधीन इस योजना के मुकम्मल होने के बाद पानी की सुविधा से महरूम नहीं होना पड़ेगा। विधायक काजल ग्राम पंचायत समेला के टीका पलवाना से आए प्रतिनिधिमंडल की समस्या सुनने के बाद उन्हें संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क़रीब 29 करोड़ रूपए की लागत से चंगर क्षेत्र के लिए पेयजल संवर्धन योजना का निर्माण शुरू कर दिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल के दौरान इस योजना का शिलान्यास करवाया गया था। जल्द ही पेयजल योजना का निर्माण पूरा हो जाएगा। इससे हज़ारों परिवार पेयजल समस्या से छुटकारा पा लेंगे। काजल ने कहा कि इससे पहले कांगड़ा नगर में 24 घंटे पानी की योजना शहरवासियों को समर्पित कर दी गई है। चंगर और पलम के लोग भी ऐसी ही पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के पूरे हक़दार हैं। उन्होंने कहा कि हर घर में पानी का स्थाई प्रावधान करवाना उनकी प्राथमिकता है।

उधर, तियारा गांव से एक अन्य प्रतिनिधिमंडल अश्वनी कुमार की अगवाई में विधायक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने महिला मंडल के सुधारीकरण की मांग रखी। विधायक ने उनकी मांग हल करने का भरोसा दिया है। प्रतिनिधिमंडल में दिनेश कुमार, अनूप सिंह, अनिल कुमार देशराज, महिला मंडल प्रधान चंपा देवी, राजकुमारी, रजनी देवी, मंजू खैरा व राजेश मनकोटिया आदि मौजूद रहे।