धौलासिद्ध हाइड्रो इलेक्ट्रिक परियोजना की स्वीकृति ऐतिहासिक: विजय अग्निहोत्री

66 मेगावाट विद्युत क्षमता के प्रोजेक्ट पर 687 करोड़ की धनराशि होगी खर्च

उज्ज्वल हिमाचल टीम। नादौन/हमीरपुर

केंद्र सरकार ने हिमाचल के हमीरपुर जि़ला में नादौन विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस प्रोजेक्ट पर 687 करोड़ की धनराशि का व्यय होगा। इस परियोजना के अस्तित्व में आने पर एक हज़ार से अधिक प्रत्यक्ष रोजग़ार के अवसर पैदा होंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी पर धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना की स्थापना करना भाजपा का हमेशा से ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है।

हिमाचल में भाजपा की पूर्व धूमल सरकार के समय 27 अक्तूबर, 2008 को इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी, जिसे अब धरातल पर उतारना मुमकिन हो पाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को मुकाम तक पंहुचाने के लिए उनके व्यक्तिगत प्रयासों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर का संपूर्ण सहयोग मिला जिसकी बदौलत नादौन विधानसभा क्षेत्र को आज इतनी बड़ी सौगात मिली है।

निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने इस उपलब्धि को नादौन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट से यहां पर एक हज़ार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिसका लाभ यहां के युवा वर्ग को मिलेगा। इस परियोजना की क्षमता 66 मेगावाट विद्युत पैदा करने की है। इससे प्रदेश के राजस्व में भी इजाफा होगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना को एसजेवीएनएल द्वारा कार्यान्वित किया जाएगा।

भाजपा ने पीएम मोदी एवं अनुराग ठाकुर का जताया आभार
हमीरपुर। भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा महामंत्री हरीश शर्मा एवं अभय वीर लवली जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा प्रवक्ता आदर्श कांत शर्मा सह मीडिया प्रभारी विकास शर्मा सह प्रवक्ता विशाल पठानिया इत्यादि ने बहुप्रतीक्षित धौलासिद्ध हाइड्रो प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार जताया है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयत्नों से अति शीघ्र ही वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल का सपना अब साकार होने जा रहा है।