धोनी के हिमाचली सुरक्षाकर्मी भी संन्यास से हैरान

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त की शाम 7 बजकर 29 मिनट पर सन्यास की घोषणा कर अपने फैन्स को अचंभे में डाल दिया। धोनी के एकदम संयास लेने से जहां क्रिकेट प्रेमियों में मायूसी थी तो खेल प्रेमी भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए महेंद्र सिंह धोनी का शुक्रिया भी अदा करते हुए नजर आए। आज हम आपको हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर से महेंद्र सिंह धोनी की कुछ जुड़ी हुई यादें साझा करने जा रहे हैं। कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी के संयास लेने की घोषणा पर उनके पूर्व में रहे मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहे मुकेश ठाकुर भी हैरान हैं। मुकेश कहते हैं कि जिस धोनी ने उनके एक आग्रह पर सुंदरनगर में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करवाया था, आज उन्होंने एक दम से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया। मंडी जिला के नलसर निवासी मुकेश पहले एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) कमांडो थे और दो साल तक धोनी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहे थे।

वर्तमान में बतौर टीजीटी शिक्षक मंडी जिला के शिकावरी स्कूल में सेवाएं दे रहे हैं। मुकेश 2013-15 तक धोनी के साथ रहे। धोनी अपने धोनी चैरिटेबल फाउंडेशन के जरिए देशभर में उभरते खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट करवाते हैं और उसमें ए-क्लास सुविधाएं देते हैं। उन्होंने जब उनसे हिमाचल की क्रिकेट प्रतिभा की बात की थी तो धोनी ने तुरंत एक टूर्नामेंट हिमाचल में करवाने की बात कही। इसको लेकर सुंदरनगर के एमएलएसएम मैदान में वर्तमान विधायक राकेश जम्वाल, क्रिकेट अंपायर अनिल गुलेरिया व कोच दिव्य प्रकाश के सहयोग से यह टूर्नामेंट हुआ और इसका खर्च धोनी ने उठाया था और सभी खिलाड़ियों को ए-क्लास सुविधा दी गई थी।