मैं कांग्रेस का सजग सिपाही हूं, जहां आदेश मिलेगा वहीं करूंगा काम: डॉ राजेश शर्मा

"बीजेपी के राज में बढ़ी महंगाई और बेरोजगारी"

Dr Rajesh Sharma, Treasurer of Congress Party
डॉ राजेश शर्मा, कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष

अंकित वालिया। कांगड़ा

कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा है जो हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। कांग्रेस कभी व्यक्तिविशेष को महत्व नहीं देती। कांग्रेस का मुख्य मकसद है सबसे पहले कमजोर तबके को ऊपर उठाना। मैं कांग्रेस का एक सजग कार्यकर्ता हूं और एक सिपाही की तरह काम करूंगा। यह बात रविवार को कांगड़ा में कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सशक्त है। कांगड़ा में प्रतिनिधियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि इसी संदर्भ में कल हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत आ रहे हैं। वह कल सागर ग्लोरी में साढ़े ग्यारह बजे कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। तीन बजे वे डिस्ट्रिक्ट प्रधान से मिलेंगे और फिर छह बजे वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम भी रखे गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने इलेक्शन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। टिकट के लिए आवेदन मांग लिए गए हैं।

 

 

वहीं उन्होंने पत्रकारों की ओर से पूछे जाने पर कि पवन काजल ने क्यों बीजेपी ज्वाइन की। इस पर डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है। बीजेपी का काम करने का अपना तरीका है। वह किसी भी नेता को पार्टी में मिलाने के लिए खरीदो-फरोख्त भी करती है। कांग्रेस ने पवन काजल को बहुत मान-सम्मान दिया और यही कारण है कि वह कांगड़ा से दो बार विधायक भी रहे। यही नहीं कांग्रेस ने उन्हें एमपी का चुनाव लड़ने का मौका भी दिया। मगर उन्होंने जनता की परवाह न करते हुए अपने व्यक्तिगत हित को सामने रखते हुए बीजेपी को ज्वाइन कर लिया। अब कांग्रेस कांगड़ा में एक ऐसे नए चेहरे को सामने लाएगी जो पढ़ा-लिखा हो और सबको साथ लेकर चलने वाला हो।

कांगड़ा में कांग्रेस पूरी तरह से सशक्त है। सब में एकजुटता है और इसी एकजुटता से ही इलेक्शन भी लड़ा जाएगा। वहीं उन्होंने बीजेपी पर वार करते हुए कहा कि जिन संस्थानों और सुविधाओं को कांग्रेस पार्टी 70 वर्ष की अथक मेहनत से तैयार किया। बीजेपी उन्हीं संस्थानों को बेचने पर तुली हुई है। हर दिन किसी ना किसी चीज का सौदा किया जा रहा है। प्रदेश में बीजेपी के शासनकाल में बेरोजगारी, महंगाई बढ़ी है। सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है। प्रदेश के कई युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। कांग्रेस की सरकार सत्ता में आते ही सारी समस्याओं का समाधान करेगी। वहीं उन्होंने कहा कि टिकट के लिए आवेदन करना सभी का अधिकार है। मगर टिकट किस को देनी यह बात कांग्रेस हाईकमान ही फाइनल करेगी।