कर्मचारी महासंघ ने सीएम सुक्खू को दिया समर्थन, कहा- आपसी तालमेल से दूर होगीं सभी चुनौतियां

Employees federation gave support to CM Sukhu, said- all challenges will be overcome by mutual coordination
कांग्रेस सरकार और और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कर्मचारी महासंघ ने दी बधाई
उज्जवल हिमाचल। बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्र सिंह ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में नई सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में सत्ता एक जमीन से जुड़े व्यक्ति के हाथ में आई है और उन्हें पूर्ण आशा है कि आने वाले समय में कर्मचारियों के मामले में बेहतर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री के सामने कई चुनौतियां हैं लेकिन कर्मचारी और सरकार के बीच में तालमेल बिठाते हुए इन सभी चुनौतियों को दूर कर लिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारी राजनीति को अपने चुनाव क्षेत्र सराज तक सीमित कर दिया था और अपने चहेते को कर्मचारी संघ का अध्यक्ष बनाकर बाकी सभी कर्मचारी संगठनों को नजरअंदाज किया था। उन्होंने कहा कि संविधानिक तरीके से चुने गए कर्मचारी प्रतिनिधि वाले संगठनों को जयराम सरकार ने तवज्जो नहीं दी। लेकिन अब वर्तमान मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वह चुने हुए संगठनों से बातचीत करें।

यह भी पढ़ें : चंद्र कुमार ने ली प्रोटेम स्पीकर की शपथ

उन्होंने पंजाब वेतनमान के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि पंजाब वेतनमान हिमाचल के कर्मचारियों के लिए उचित नहीं है। पूर्व सरकार द्वारा पंजाब वेतनमान हिमाचल में लागू करने पर कई वेतन विसंगतियां सामने आई हैं, जिनका कोई हल नहीं निकल रहा। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों के साथ मिलकर संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाई जाए। उसमें सभी कर्मचारी सरकार का समर्थन करेंगे और यह बैठक बजट सत्र से पहले हो जानी चाहिए, ताकि कर्मचारियों के साथ सही तरीके का संवाद स्थापित किया जा सके।

संवाददाता : सुरेंद्र जम्वाल

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।