सरकारी खजाना खाली, वेतन और पेंशन के लिए कर्ज ले रही सरकार: आप

Government treasury empty, government taking loan for salary and pension: AAP
चुनावों के समय जनता को गुमराह करने के लिए बिना बजट के विकास कार्यों की झूठी घोषणा कर रहे मुख्यमंत्री जयराम : सुरजीत ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष आम आदमी पार्टी

शिमला : आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुनावों के समय जनता को गुमराह करने के लिए झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। 70 हजार करोड़ के कर्ज में दबी सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन व पेंशन देने के पैसे नहीं है और मुख्यमंत्री जयराम रोजना हजारों करोड़ के विकास कार्यों की झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। चुनावों के समय सरकार को बताना चाहिए कि पांच साल में क्या किया। लेकिन जयराम घोषणाएं कर रहे हैं, जो पूरी होने वाली नहीं है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करोड़ों रुपए खर्च कर प्रदेश का स्थापना दिवस का उत्सव मना रहे हैं। जहां रैली स्थल पर ही दर्जनों पत्थर लगाकर विकास कार्यों के शिलान्यास कर रहे हैं। विकास के लिए न तो बजट को कोई प्रावधान किया गया है और न ही जमीन का पता है, विकास के झूठे पत्थर लगाए जा रहे हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पांच साल विकास करने में नाकाम रहे हैं। जिससे प्रदेश की जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। जनता के सामने आम आदमी पार्टी मजबूत विकल्प के रुप में हैं जिसे जनता पसंद कर रही है।

ये भी पढ़ें: NPS लागू न हुई तो भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे कर्मचारी: गुलेरिया

सुरजीत ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला करते हुए कहा कि वह प्रदेश में सबसे अधिक कर्ज लेने वाले और जीरो विकास कराने वाले मुख्यमंत्री के रुप में पहचाने जाएंगे। जयराम सरकार ने प्रदेश में 70 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज चढ़ा दिया है। प्रदेश सरकार आर्थिक दिवालिया पन के कगार पर है। सरकार को कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने के लिए हर महीने 500 करोड़ का कर्ज लेना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि जो रोज करोड़ों के विकास की घोषणा कर रहे हैं, उसके लिए बजट कहां से आएगा। विकास के लिए सरकार के खजाने में पैसा ही नहीं है और मुख्यमंत्री चुनावों के समय जनता को गुमराह करने के लिए घोषणाएं किए जा रहे हैं।

सुरजीत ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं भी पूरी होने वाली नहीं हैं। जयराम ठाकुर चुनावों के समय सपनों के महल खड़े कर रहे हैं जो चुनावों में जनता खुद गिरा देगी। प्रदेश की जनता को आम आदमी पार्टी की 11 गारंटियों पर पूरा भरोसा है। आम आदमी पार्टी को जनता को भरपूर समर्थन मिल रहा है। जनता अब खुलकर समर्थन कर रही है। जिससे तय है कि प्रदेश में ईमानदार सरकार बनाने के लिए जनता तैयार है। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सबसे पहले हर गारंटी को पूरा किया जाएगा।

संवाददाता : ब्यूरो शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।