राज्यपाल ने शहीदों को किया नमन, बोले- कभी भुला नहीं सकते इनका बलिदान

आशीष राणा। धर्मशाला

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राज्य शहीद स्मारक में पहुंच कर बलिदादियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा शहीद स्मारक आना उनका सौभाग्य है। हमारे जवानों का बलिदान बहुत बड़ा है, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सुर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर भी दुख जताया। लता का निधन दुखदायी है। उन्होंने सुरों की दुनिया में राज किया है। उन्होंने कहा वह भी गोवा से हैं और वो भी गोवा से थी। सुरों की दुनिया में उनका सबसे बड़ा योगदान था। लगता है अब सुर अनाथ हो गए। लोगों ने लता दीदी को सुरों के सिंहासन पर बिठाया था। यह घटना दुखदायी है।

राज्यपाल जिला कांगड़ा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। होटल कश्मीर हाउस में ही उनका दोपहर का भोजन व रात्रि का विश्राम भी होगा। राज्‍यपाल सोमवार सात फरवरी को सुबह पौने दस बजे नगरोटा बगवां में मधुमक्खी पालन शोध केंद्र में शिरकत करेंगे। इसके बाद साढ़े दस बजे चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय में शिरकत करेंगे।

यहां से राज्यपाल हर्बल गार्डन के लिए दोपहर दो बजे रवाना होंगे और तीन बजे हर्बल गार्डन जोगेंद्रनगर जिला मंडी पहुंचेंगे। मंडी जिला में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रात्रि विश्राम भी मंडी में ही करेंगे। मंडी से आठ फरवरी को डेढ़ बजे शिमला के लिए हवाई मार्ग से वापस लौटेंगे।