ग्राउंड जीरो पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, आपदा प्रभावितों को बांटी राहत सामग्री

उज्जवल हिमाचल। शिमला

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला के कृष्णानगर का दौरा कर भू-स्खलन के कारण प्रभावित हुए परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि वह खुद और राज्य सरकार अलग-अलग नहीं है। सभी लोग मिलकर प्रभावितों को मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। राज्यपाल खुद कृष्णानगर में है और मुख्यमंत्री जिला कांगड़ा के दौरे पर हैं।

प्रभावितों को रहने के लिए सामुदायिक हाल में वैकल्पिक स्थान प्रदान किया गया है। उन्होंने प्रभावितों के साथ संवाद भी किया। राज्यपाल ने प्रभावितों को राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से राहत सामग्री भी वितरित की। इस दौरान उन्हें लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और राष्ट्रीय रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर भी उपस्थित थीं।

यह भी पढ़ेंः MLA केवल सिंह पठानिया ने टांडा अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल

प्रदेश सहित शिमला शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के दौरान कई जगहों पर भू-स्खलन के कारण जान-माल की क्षति हुई है। शहर के कृष्णा नगर में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ अन्य खतरे की जद में हैं। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों द्वारा राज्यपाल को अवगत करवाया गया कि यहां पर लगभग 250 से 300 परिवार प्रभावित हुए हैं। शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में हर व्यक्ति को मदद के लिए आगे आना चाहिए।

राज्य सरकार हर स्तर पर प्रभावितों को राहत पहुंचा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन को घरों के लिए खतरा बने पेड़ों को हटाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने यहां रहने वाले प्रभावित परिवारों के लिए बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।