हिमाचल में ठंड के मौसम में गर्मी का एहसास, तापमान में उछाल दर्ज

Heat in cold weather in Himachal, temperature rises

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में कड़कड़ाती ठंड के मौसम में भी लोगों को अप्रैल में पड़ने वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। प्रदेश में दिन के समय खिल रही चटक धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है। शिमला सहित प्रदेश के सभी शहरों के तापमान में उछाल दर्ज हुआ है।

शिमला, धर्मशाला और केलांग का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान शिमला का अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। धर्मशाला का 23 और केलांग का तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो बर्फबारी के कारण सामान्य से -6 डिग्री सेल्सियस होता था।

प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान में भी उछाल आया है। सुंदरनगर का 21.5, भुंतर का 20.2, ऊना का 24.4, नाहन का 20.9, सोलन का 24, मनाली का 13.8, कांगड़ा का 30.3, मंडी का 21.1, बिलासपुर का 25, हमीरपुर का 22.1, चंबा का 20.1 और कुफरी का अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

दरअसल, प्रदेश में इस बार सर्दी के मौसम में बर्फबारी कम होने से गर्मी बढ़ने लगी है। कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा, शिमला, लाहौल स्पीति और किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले इलाकों को छोड़ शेष कहीं पर भी बर्फबारी नहीं हुई। राजधानी शिमला में जहां दिसंबर में ही 1 से 2 फीट तक बर्फ गिरती थी, वहां लोगों को इस साल बर्फबारी का दीदार ही नहीं हुआ।

यह भी पढ़ेंः वर्ल्ड लाइफ फोरेस्ट रेंज की सख्त कार्रवाई से फतेहपुर में फसल की सैकड़ों एकड़ जमीन वीरान

मौसम विभाग की मानें तो 2016 के बाद मौसम में इस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बार सर्दियों के मौसम में पिछले 10 सालों में सबसे कम बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में जहां ठंड ने 5 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा था, वहीं 2022 के दिसंबर और 2023 के जनवरी महीने में तापमान काफी अधिक रहा। 2016 में दिसंबर जनवरी में अधिकतम तापमान 15 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहा, जबकि 2017 में यह 13 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया था।

संवाददाताः ब्यूरो शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।