हिमाचलः 6 दिवसीय तेजस एक व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का हुआ सफल आयोजन

हिमाचलः 6 दिवसीय तेजस एक व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का हुआ सफल आयोजन

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा
विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी शाखाकांगड़ा द्वारा राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय खोली में 6 दिवसीय तेजस एक व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आज समापन हो गया। इस कार्यक्रम में एसडीएम नवीन तंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

नवीन तंवर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षा आज पहले की अपेक्षा ज्यादा प्रासंगिक है, ऐसे महापुरुषों के जीवन मूल्यों पर चले। जैसे विद्यालय में टाइम टेबल बना होता है, उसी तरह आपके व्यक्तिगत जीवन का भी टाइम शेड्यूल बने। इस तरह की दिनचर्या स्वामी विवेकानंद ने भी अपने जीवन में उतारी थी।

कार्यक्रम में विवेकानंद केंद्र के संचालक अशोक कुमार द्वारा सभी का स्वागत किया गया तथा ग्राम प्रधान केवल चौधरी द्वारा सभी को मार्गदर्शन किया गया। उन्होंने बच्चों को मार्गदर्शन करते हुए कहा कि बालिकाओं की कीमत हीरे की तरह है। उसी तरह हमारी बेटियों की भी कीमत है, जिनकी मर्यादाएं भी होती है।

यह केवल बेटियों के लिए नहीं बेटों के लिए भी है। कार्यक्रम में प्रिंसिपल डॉ. शिखा शर्मा द्वारा 6 दिवसीय कार्यक्रम में दिल्ली से उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया गया एवं कहा कि यह कार्यशाला बच्चों के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

विवेकानंद केंद्र उत्तर प्रांत संचालक डॉ. अशोक रैना द्वारा सम्पूर्ण भारत में चलने वाली विवेकानंद केंद्र की गतिविधियों से परिचित कराया गया। उन्होंने बच्चों एवं उपस्थित अभिभावकों को मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज देश में 70 फीसदी युवा पीढ़ी नशे की चपेट में है एवं युवाओं को सही मार्गदर्शन देने वालों की समाज में आवश्यकता है।

इसलिए विवेकानंद केंद्र जैसे संगठन से जुड़कर हम कार्य कर रहे है, हमें घर से निकलने की आवश्यकता पड़ रही है। ताकि युवाओं में समाज और देश के प्रति सेवा की भावना विकसित हो। अंत में एस.डी.एम. नवीन तंवर को केंद्र के नगर संचालक अशोक कुमार द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। सभी बालक-बालिकाओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। विवेकानंद केंद्र द्वारा 1 से 9 जून विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, शाखा-कांगड़ा द्वारा 1 से 9 जून तक योग सत्र एवं प्राणायाम सत्र का आयोजन राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में किया गया। इस योग सत्र में शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया ।

योग सत्र में शिथलीकरण व्यायाम, सूर्यनमस्कार, आसन, प्राणायाम की बारीकियों को सिखाया गया। साथ ही योग एक जीवन पद्धति पर डॉ. अशोक रैना, केंद्र के जीवनव्रती कार्यकर्ता बलवीर कुशवाह और नगर प्रमुख डॉ. नवीन शर्मा का मार्गदर्शन रहा।

यह भी पढ़ेंः ट्री कटर से काटकर प्रेमिका के किए टुकड़े फिर कुकर में उबालकर मिक्सी में पीसा

व्यक्ति का स्वयं से जुड़कर परिवार, समाज, राष्ट्र और सम्पूर्ण सृष्टि से जुड़कर एकत्व की अनुभूति करना योग है। उस अनुसार स्वयं के आचार व्यवहार कैसे हो? इस विषय पर प्रकाश डाला गया। साथ ही केंद्र द्वारा राजकीय हाई स्कूल जोगीपुर में बच्चों के लिए एक दिवसीय व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के उद्घाटन में विख्यात नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय सचदेवा, डॉ. अशोक कुमार, एवं डॉ. नवीन शर्मा का मार्गदर्शन रहा। डॉ. संजय सचदेवा ने कहा कि आप बच्चे भाग्यशाली है कि इस शिविर में आपको भाग लेने का असवर मिला। केवल इतना ही पर्याप्त नहीं है।

इस शिविर के माध्यम से आप समाज में एक नेतृत्वकर्ता के रूप में कार्य करें ताकि समाज और देश को अच्छी युवा पीढ़ी मिल सके। इस कार्यशाला में बच्चों को देशभक्ति गीत, योगासन, आज्ञाभ्यास, खेल, अभिनय गीत के माध्यम से प्रेरणा प्रदान की। अंत में विवेकानंद केंद्र उत्तर प्रांत संचालक डॉ. अशोक रैना द्वारा बच्चों को स्वामी विवेकानंद के जीवन की विभिन्न घटनाओं के माध्यम से प्रेरणा प्रदान की।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का विचार था कि मुझे 100 युवा मिल जाए तो मैं दुनिया की कायापलट कर दूंगा। आप ही वह युवा है, जो समाज और देश को सही दिशा प्रदान करेंगे। देश की आने वाली सदियां आपकी तरफ निहार रही है। केंद्र द्वारा 1 से 6 जून तक राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खोली में तेजस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 143 बालक बालिकाएं लाभान्वित हो रहे हैं।

इस कार्यशाला में जीवन का उद्देश्य, जीवन का मूल्य, समूह कार्य, देशभक्ति और मेरा दायित्व विषय पर बच्चों को खेल, गीत, कहानी, प्राणायाम, ध्यान के माध्यम से प्रेरणा प्रदान किया गया। कार्यशाला के अंत में सभी बच्चों के अभिभावकों को आमंत्रित कर समापन सत्र का आयोजन किया गया तथा सभी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इसी के साथ विवेकानंद केंद्र द्वारा 3 और 4 जून को निःशुल्क नाक, कान, गला चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया तथा 3 रोगियों की निःशुल्क शल्य चिकित्सा की गई। इस चिकित्सा शिविर में मैक्स ग्रुप हॉस्पिटल दिल्ली के नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय सचदेवा द्वारा सेवा प्रदान की गई।

इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में विवेकानंद केंद्र उत्तर प्रांत संचालक डॉ. अशोक रैना, कांगड़ा नगर संचालक डॉ. अशोक कुमार, नगर प्रमुख डॉ. नवीन शर्मा, कार्यकर्ता रिंकू चौधरी, युवा कार्यकर्ता शिवांक चौधरी, पृथ्वीराज, श्रुति, प्रियंका, हिमाचल विभाग संगठक बलवीर कुशवाह, विवेक का योगदान रहा।

ब्यूरो रिपोर्ट कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।