सराज के शिकारी माता में पर्यटन को लगेंगे नए पंख,समीक्षा बैठक में CM जयराम ठाकुर ने दी करोड़ों की परियोजनाओं को मंजूरी

उमेश भारद्वाज। मंडी
हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय के सभागार में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शिकारी माता मंदिर समिति के साथ एक समीक्षा बैठक की। इसमें शिकारी माता को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए करोड़ों की परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह, प्रधान सचिव सुभाशीष पांडा, लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति,ग्रामीण विकास, पर्यटन, वन, सूचना प्रौद्योगिकी, भाषा एवम संस्कृति विभागों के प्रमुख सहित शिकारी माता मंदिर समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
शिकारी माता मंदिर समिति के अध्यक्ष व एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने कहा कि इस बैठक में मंजूर की गई विभिन्न परियोजनाओं से  शिकारी माता मंदिर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा जिसके अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा 3.66 करोड़ की लागत से नई सराय का निर्माण किया जाएगा, वन विभाग द्वारा रायगढ़ और कांगरी में 30 लाख से शौचालय व वर्षा आश्रालय, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 70 लाख से लंगर भवन, सीढियों के विकास एवं चौड़ा करने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा 70 लाख, जलशक्ति विभाग द्वारा 19 लाख से अतिरिक्त जल आपूर्ति, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा मोबाइल कनेंक्टीविटी को बेहतर बनाने, हेलीपैड के समीप वन विभाग द्वारा 70 लाख से  तथा रायगढ़ में 37 लाख से विश्राम गृहों का निर्माण सहित नए ट्रेकिंग रूटों जिनमें रायगढ़ से चरठी, चिलामगाड से शिकारी माता, बखरौट से शिकारी माता को शामिल किया जाएगा। इन परियोजनाओं से शिकारी माता पर्यटन को नए पंख लगेगें।