हिमाचल में फिर करवट बदलेगा मौसम, चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में 13 अक्तूबर की रात से ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में 14 अक्तूबर से लेकर चार दिनों तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय कई भागों में 14 से 17 अक्तूबर तक बारिश की संभावना है। जबकि उच्च पर्वतीय भागों बारिश-बर्फबारी हो सकती है। राज्य के सभी भागों में 13 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 15 अक्तूबर के लिए कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। उधर, बुधवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा। राज्य के ऊपरी क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग की ओर से पोस्ट मानसून सीजन के लिए वर्षा का दीर्घावधि पूर्वानुमान भी जारी किया गया है। संभावित पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में अक्तूबर से दिसंबर तक कई क्षेत्रों में सामान्य से सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्र में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। अक्तूबर के दौरान भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई क्षेत्रों, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों सहित देश के अधिकांश उत्तरी क्षेत्र में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। अक्तूबर महीने के दौरान पूरे देश में वर्षा सामान्य होने की अधिक संभावना है।

अक्तूबर में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना

विभाग के अनुसार अक्तूबर में देश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसी प्रकार पूर्वोत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें