हिमाचलः सावन मास है भगवान शिव को अतिप्रिय, पूर्ण करते है भक्तों की मनोकामना

हिमाचलः सावन मास है भगवान शिव को अतिप्रिय, पूर्ण करते है भक्तों की मनोकामना

उज्जवल हिमाचल। मंडी
शास्त्रों में सावन मास के महत्व को विस्तार से बताया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि यह महीना भगवान शिव को अतिप्रिय है। बता दें कि सावन मास में भगवान शिव की उपासना का विशेष महत्व है इसलिए जो व्यक्ति सावन के महीने में महादेव की पूजा करता है उन्हें जीवन में सभी प्रकार की परेशानियों से मुक्ति मिल जाती है।

हिंदू धर्म में सावन मास को बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है। पंचाग के अनुसार, इस वर्ष 4 जुलाई से ही सावन मास का शुभारंभ हो गया है और अधिक मास के कारण यह 2 महीने का होगा। ऐसे में भगवान शिव की भक्ति के लिए 2 महीने भक्त जन सेवा कर सकते है।

पर्वतराज हिमालय की पुत्री माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए सावन के महीने में कठोर तपस्या की और इससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उनकी मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद दिया था। इसलिए मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की उपासना करने से वह आसानी से प्रसन्न हो जाते हैं।

यह भी पढ़ेंः हिमाचलः बरसात के पानी से होने वाली बिमारियों के बारे में लोगों को करें जागरूकः सीएमओ

ज्योतिष संजीव कुमार ने बताया कि धार्मिक ग्रंथों के अनुसार सावन मास में ही देवता और असुरों द्वारा समुद्र मंथन किया गया था। जिसमें हलाहल विष भी निकला था। यह ऐसा विष था जिससे पूरे सृष्टि का सर्वनाश निश्चित था। इसलिए संसार के उत्थान के लिए भगवान शिव ने स्वयं उस विष को कंठ में धारण कर लिया इसलिए उन्हें नीलकंठ के नाम से भी जाना जाता है और सभी देवताओं ने विष के वेग को कम करने के लिए भगवान शिव पर जल का अभिषेक किया था। यही कारण है कि सावन के महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से वह जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं व भक्तों की सभी प्रार्थना सुनते हैं।

वहीं, सावन मास का प्रथम सोमवार होने के उपलक्ष्य पर लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और मंडी शहर में विभिन्न जगहों पर खीर के भंडारे का आयोजन भी किया गया। वहीं एकादश रूद्र मंदिर के पुजारी सत सुंदरम ने बताया कि एकादश रूद्र मंदिर में पूरा महीना अखंड जाप और भंडारे का आयोजन किया जाता है और विभिन्न स्थानों से लोग भगवान शिव का प्रसाद ग्रहण करने आते हैं और जाप में भी लोग रुचि दिखा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कलयुग में नाम के जाप से ही परमात्मा की प्राप्ति हो सकती है। वहीं बाबा भूतनाथ मठ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त भगवान शिव का पूजन एवं जलाभिषेक कर रहे है। इस मास में भगवान शिव जल्द ही प्रसन्न होकर भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।