इंदु गोस्वामी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बढ़ा हिमाचल का कद

उज्जवल हिमाचल डेस्क…

राष्ट्रीय राजनीति में फिर हिमाचल का कद बढ़ा है। भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी को राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व सौंपा है। इंदु ने महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रहते सदस्यता में रिकार्ड बनाया था। इसे देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से संबंधित जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाले हुए हैं। मोदी सरकार में वह स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं। हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं।

बैजनाथ के पपरोला निवासी इंदु गोस्वामी लंबे समय से भाजपा से जुड़ी हैैं। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा से उपाध्यक्ष पद से कार्य करना शुरू किया था। वर्ष 2000 में प्रेम कुमार धूमल की सरकार ने उन्हें महिला आयोग की अध्यक्ष बनाया था। 2017 में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद एक वर्ष में रिकार्ड तीन लाख से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोडऩे में भूमिका निभाई थी। इंदु संगठन में कई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैैं।