बच्चाें की पढ़ाई व ईलाज के लिए संस्था ने दिए 10 हजार

एमसी शर्मा। नादौन

प्रसिद्ध सामाजिक संस्था हिंद संग्राम परिषद इकाई नादौन की बैठक संस्था के वरिष्ठ प्रचारक व उप प्रधान गांव पंचायत जलाड़ी राजिंद्र सिंह पिंकु की अध्यक्षता में रियोड़ी पट्टे महिला मंडल भवन के प्रांगन में की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. वासुदेव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। बैठक में सीमा देवी पत्नी राकेश कुमार गांव चमेरी, तह. रक्कड़, जिला कांगड़ा की बीमारी के लिए और सीमा देवी की लड़की की पढ़ाई के लिए 10000 रुपए दिए। प्रेस सचिव संजीव कुमार ने बताया कि सीमा देवी जो की काला पीलिया से पीड़ित है, इनके इलाज व बच्चों की पढ़ाई का खर्चा पिछले दस वर्षाें से संस्था चला रही है।

रूचि कुमारी जो आईटीआई रक्कड़ में पढ़ रही है, उसके दाखिले के लिए 10000 रुपए दिए गए, ताकि बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए। गांव पंचायत जलाड़ी के उपप्रधान राजिंद्र सिंह ने कहा कि जब से पं. वासुदेव शर्मा इस संस्था से जुड़े हैं, तब से ज़मीन से जुड़ कर कार्य कर रहे हैं और जातिवाद से ऊपर उठकर कार्य हो रहे हैं, जिससे क्षेत्राें में संस्था की काफ़ी तारीफ़ हो रही है। संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. वासु देव शर्मा ने कहा कि सीमा देवी के पति का दस वर्ष पहले स्वर्गवास हो गया था।

उस समय लड़के की आयु 2 वर्ष, बड़ी लड़की 10 वर्ष ओर छोटी लड़की 8 वर्ष की थी, तब से सीमा देवी की बीमारी का खर्चा व बच्चों की पढ़ाई का खर्चा संस्था उठाती आ रही है। पं. वासुदेव शर्मा ने कहा की ज़्यादा से ज़्यादा लोग संस्था से जुड़े, ताकि गरीबाें की मदद की जा सके। इस मौके पर समाजसेवी कांता देवी, महिला मंडल प्रधान संतोष कुमारी, संदेश जसवाल, जगदेव ठाकुर, अनीता कुमारी, सुषमा कुमारी व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।