हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में कांग्रेस नेताओं के हाथ छूटते आए नजर

प्रदेशाध्यक्ष के सामने आपस में भीड़े नेताओं के गुट मौके पर मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा दोनों गुटों को करवाया गया शांत प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समक्ष चेतराम ठाकुर और विजयपाल सिंह के समर्थकों में सरेआम हुई खिंचातानी

Joining hands in the campaign, the hands of Congress leaders were seen missing
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में कांग्रेस नेताओं के हाथ छूटते आए नजर

उज्जवल हिमाचल। मंडी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए ’हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के दौरान ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ से हाथ छूटते हुए नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी का दौर थम नहीं पा रहा है। ऐसा ही एक मामला शनिवार को मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्र सिराज में सामने आया है।

जहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समक्ष कांग्रेस नेताओं के दो गुटों में जबरदस्त खिंचातानी देखी गई। प्रतिभा सिंह क्षेत्र के धरोटधार में पार्टी के ’हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के शुभारंभ को लेकर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करने पहुंची थी।

लेकिन कार्यक्रम के शुरूआत में प्रतिभा सिंह के स्वागत के दौराप्रदेश महासचिव चेतराम ठाकुर और पीसीसी विचार विभाग के पूर्व चेयरमैन विजयपाल सिंह के गुटों में खिंचातानी शुरू हो गई। मौके पर चेतराम ठाकुर के समर्थकों ने अनुशासनहीनता दिखाते हुए सरेआम ’विजयपाल गो-बैक’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।

वहीं इस दौरान मौके पर मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और पुलिस द्वारा दोनों पक्षों में बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाया गया। लेकिन इस प्रकार से मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर जगजाहिर हो चुकी है।

बता दें कि सिराज विधानसभा क्षेत्र से संबंधित वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पीसीसी विचार विभाग चेयरमेन विजय पाल सिंह भी विधानसभा चुनाव-2022 में क्षेत्र से पार्टी के टिकट को लेकर तलबगार थे। लेकिन अंतिम क्षणों में विजय पाल सिंह को हाईकमान द्वारा टिकट न देकर प्रदेश महासचिव चेतराम ठाकुर को क्षेत्र से एक बार फिर पार्टी उम्मीदवार बनाया गया था।

पढ़ें यह खबरः विधानसभा अध्यक्ष ने गुप्त नवरात्र सप्तमी को ज्वालामुखी मन्दिर में नवाया शीश

विजयपाल सिंह का विधानसभा क्षेत्र के युवाओं में अच्छा खासा रुतबा है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम ठाकुर को 38,183 के बड़े अंतर से चुनाव हराया था। वहीं, घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस पार्टी पर जमकर तीखा हमला बोला गया है।

सिराज विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य गुलजारी लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा मंच पर खींचातानी करने से एक बार फिर पार्टी में चल रही गुटबाजी सामने आ गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का इस प्रकार का आचरण क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। सिराज कांग्रेस में लगातार बढ़ रही गुटबाजी क्षेत्र के लिए लाभप्रद नहीं है।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।