तीसा में गाड़ी गहरी खाई में गिरने से शहीद हुए ज्वाली के कांस्टेबल अभिषेक

समाचार मिलने से ज्वाली में शोक की लहर

उज्जवल हिमाचल। ज्वाली

जिला चंबा के तीसा में पुलिस की गाड़ी गहरी खाई में गिरने से पंचायत कैहरियां से कांस्टेबल अभिषेक (28) पुत्र मदन लाल की मौत होने का समाचार मिला है। समाचार मिलते ही जवाली में एकदम से शोक की लहर दौड़ गई। अभिषेक की मौत से हर आंख गमगीन है तथा हर आंख में मायूसी साफ दिख रही है। कांस्टेबल अभिषेक के घर में लोगों का तांता लगा हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ेंः DC कांगड़ा ने किए वीर जवान को श्रद्धासुमन अर्पित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक वर्ष 2016 में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ था तथा द्वितीय बतालियन सकोह में कार्यरत रहा। मौजूदा समय में अभिषेक बैरागढ़ पोस्ट पर तैनात था। शुक्रवार को 11 पुलिस जवानों की टुकड़ी सूमो गाड़ी से पेट्रोलिंग को निकले कि चालक की गर्दन पर पहाड़ी से पत्थर आ गिरा जिससे सूमो गहरी खाई में गिर गई। कांस्टेबल अभिषेक की दर्दनाक मौत हो गई।

 

कांस्टेबल अभिषेक के पिता जल शक्ति विभाग में बतौर फिटर कार्यरत हैं जबकि माता सुदेश कुमारी गृहिणी है। मृतक अभिषेक का एक छोटा भाई विनय कुटलैहडिया व एक बहन आकृति है। तीनों भाई-बहन कुंवारे हैं। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चन्द्र कुमार, भाजपा नेता संजय गुलेरिया, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, कैहरियां पंचायत प्रधान राजेश कुमारी, उपप्रधान गोवर्धन सिंह, राजेश्वर हैप्पी, केवल सिंह कुटलैहडिया, दिनेश निखिल ने इस घटना पर दुख जताया है तथा परिवार के साथ संवेदना प्रकट की है।

संवाददाताः चैन सिंह गुलेरिया

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।