हिमाचल: आठ साल का सक्षम 187 सेकंड में बता देता हैं 195 देशों के नाम

सुरेंद्र जंबाल। बिलासपुर

जिला बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल के आठ वर्षीय सक्षम भारद्वाज पुत्र डा. नरेश भारद्वाज गांव कोटलू ब्राह्मणा ने एक कीर्तिमान स्थापित किया है। सक्षम सभी देशों के झंडों को देखकर देश का नाम बताते हैं। वह 187 सेकंड में 195 देशों के झंडों को देखकर देश का नाम बता चुके हैं।

यह नहीं साथ में खाली मानचित्र पर भी एशिया व यूरोप महाद्वीप के साथ-साथ कई और देशों व राजधानियों को भी पहचान लेते हैं। सक्षम भारद्वाज के पिता डा. नरेश भारद्वाज ने कहा कि सक्षम तीसरी कक्षा में एल्पाइन पब्लिक स्कूल झांसी, उत्तर प्रदेश में पढ़ता है। सक्षम का बड़ा भाई शिवांश भारद्वाज दसवीं कक्षा में पढ़ता है। शिवांश का शौक सभी देशों का मैप देखना था और उसे देखते-देखते सक्षम ने यह कर दिखाया। डा. नरेश भारद्वाज केंद्रीय कृषि वानिकी अनुसंधान संस्थान झांसी, उत्तर प्रदेश में प्रधान वैज्ञानिक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं और माता सुषमा शर्मा रानी लक्ष्मीबाई एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी झांसी में सेवाएं दे रही है।

इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी जानकारी हासिल करना एक बहुत बड़ी बात है। इस नन्हें बच्चे ने सभी को आश्चर्य में डाला हुआ है। बहुत ही चंचल स्वभाव के सक्षम भारद्वाज विश्व में यह कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। सक्षम की दादी संध्या देवी, ताया सुरेश भारद्वाज, ताई नीना शर्मा, चाचा विमल भारद्वाज, चाची कृति शर्मा, नाना रामनाथ शर्मा, मामा भूपेंद्र शर्मा, नानी नीलम शर्मा, मामी किरण शर्मा व रिश्तेदारों ने बधाई देते हुए सक्षम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सक्षम की दादी ने बताया कि सक्षम की इस उपलब्धि से सभी रिश्तेदारों और इलाका वासियों के बधाई संदेश एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं। स्वजन के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश व भारत देश के लिए यह गर्व की बात है।