मणिमहेश यात्रा के दौरान मां-बेटी की मौत, 2 घायल

उज्जवल हिमाचल। चंबा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा के दौरान मां और बेटी की मौत हुई है, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। दरअसल हड़सर-दुनाली मार्ग पर शूटिंग स्टोन्स की चपेट में आने से मणिमहेश यात्रा पर जा रहीं मां-बेटी की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अवंतिका (10) पुत्री गोगा राम और सोनू देवी (32) पत्नी गोगा राम निवासी लुपयाणा तहसील हारचक्कियां जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। साथ ही साहिल शर्मा (22) पुत्र सुभाष चंद गांव सलोली मोड़ जिला ऊना और गणेश (27) पुत्र तिलक राज निवासी वार्ड-5 सुजानपुर तहसील और जिला पठानकोट घायल हुए हैं। फिलहाल, शवों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।

घटना के बाद घायलों को भरमौर अस्पताल ले जाया गया और यहां घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद साहिल कुमार को मेडिकल कॉलेज चंबा के लिए रेफर किया गया है। भरमौर प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार की फौरी राहत प्रदान की गई।

गांव में छाया मातम का माहौल…..

घटना में मारी गई महिला सोनू देवी वार्ड पंच थी और वह अपनी दस साल की बेटी अवंतिका के साथ जा रही थी। परिवार के मुखिया गोगा राम भी घटना के वक़्त उनके साथ थे। वहीं, कांगड़ा के लपियाणा गांव में मातम का माहौल छाया है।

वार्ड पंच सोनू के निधन से समूची लपियाणा पंचायत सदमे में है और सरकार-प्रशासन से पीड़ित परिवार को राहत देने की गुहार लगाई है।