ब्रेकिंगः हिमाचल की बेटी ने जीता मिसेज इंडिया-2021 का खिताब

एमसी शर्मा। नादौन

देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित मिसेज इंडिया-2021 का किताब जीतकर नादौन की बेटी ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। क्रेजी क्रिएटिव एंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित देश के इस प्रतिष्ठित इवेंट में नादौन की भदरोल पंचायत के मलांगड़ गांव में अपने मायके पहुंचने पर अंजना राजल का भव्य स्वागत किया गया। अंजना ने बताया कि इससे पूर्व में चार्म्स इंडिया में छठे स्थान पर रह चुकी हैं। इसके बाद इंस्पिरेशन में उन्हें सीधी एंट्री मिली थी, जबकि अब उनका चयन अंतिम दौर के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो चुका है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित इस इवेंट में 150 महिलाएं प्रतिस्पर्धा में थी। पेशे से एमबीए एचआर अंजना का विवाह 2006 में चंडीगढ़ निवासी मनीष राजल से हुआ था। अंजना की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई है। इसके बाद नादौन कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ से पढ़ाई की है। अंजना के पति मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर हैं, उनका बेटा 14 वर्ष तथा बेटी 7 वर्ष की है। अंजना ने बताया कि उसके पति, माता-पिता, सास-ससुर सहित बच्चों ने इस मुकाम पर पहुंचने में भरपूर सहयोग दिया।

उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान उनका सपना था कि वह मिस इंडिया बने परंतु विवाह होने पर वह पूरा ना हो सका, लेकिन इस लॉकडाउन के दौरान उन्होंने अपना सपना साकार करने के लिए मेहनत आरंभ की और परिवार ने भी पूरा सहयोग दिया। अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिताब जीतना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह सोशल वर्क करना चाहती हैं तथा जीवन में कुछ कर गुजरने की चाहत रखने वाली महिलाओं का सहयोग करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि सपनों को पूर्ण करने के लिए उम्र मायने नहीं रखती। अंजना के पिता हंसराज, माता कमला देवी, उनके भाई वरुण व भाभी दीपमाला सहित ग्रामीणों ने कहा कि यह उनके लिए गौरव की बात है।