नगर निगम चुनावों को लेकर भाजपा ने कसी कमर

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। इसके तहत नवनिर्मित नगर निगम मंडी के प्रभारी व सुंदरनगर के भाजपा विधायक राकेश जंवाल ने मंडी शहर के लगभग सभी वार्डों में प्राथमिक बैठकें कर ली हैं। इसके बाद मंडल के फीडबैक के बाद रिपोर्ट भाजपा प्रदेश हाई कमान को भेजी जाएगी। शनिवार को मंडी नगर निगम के विभिन्न वार्डों में लोगों के साथ बैठक करने के उपरांत राकेश जंवाल ने कहा कि भाजपा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है।

दिशा-निर्देशों के बाद बैठकें कर ली गई हैं व शीघ्र ही रिपोर्ट हाई कमान को भेजी जाएगी। इसके बाद नगर निगम मंडी में सभी 15 वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। राकेश जंवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मंडी नगर निगम की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा किया है। इससे यहां की जनता प्रदेश सरकार के फैसले से खुश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने तीन वर्षों के कार्यकाल में बेहतर व प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि बैठकों का फीडबैक प्रदेश हाई कमान को भेजा जाएगा और मंडलों की सिफारिशों पर गौर करने के बाद मंडी नगर निगम में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही आयोजित बैठकों में जनता के स्थानीय मुद्दों और समस्याओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठकों में उनके साथ मंडी जिला भाजपा के जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह सेन, मंडल अध्यक्ष मुनिष कपूर, जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु शर्मा, दिवान ठाकुर के साथ सभी संबंधित वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे।