प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी जिला कांगड़ा की नई कार्यकारिणी गठित

अरुण पठानिया। रैहन

हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी संघ जिला कांगड़ा की ऑनलाइन बैठक राकेश कतनोरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार 18 सितंबर को संपन्न हुई। ईसमें सर्वसम्मति से कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया। हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी के मीडिया प्रभारी संजय कपूर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र सिंह अध्यक्ष, सुमित मिन्हास उपाध्यक्ष , अजय कुमार नांगला सचिव, अनीश गुलेरिया सह-सचिव, कमल किशोर कोषाध्यक्ष, संजय कपूर मीडिया प्रभारी तथा राजेश चौधरी सोशल मीडिया प्रभारी सर्वसम्मति से चुने गए।

बैठक में हिमाचल प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी संघ के शीर्ष पदाधिकारियों ने भी भाग लिया तथा सर्वप्रथम चुने गए नए प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए संघ की मर्यादाओं, नियमों तथा विचारधारा से परिचित करवाया। बैठक में अनुबंध कर्मचारियों के विभिन्न मुद्दों के बारे में चर्चा की गई। इसमें सबसे विशेष है, अनुबंध अवधि। उन्होंने सरकार से मांग की कि अनुबंध अवधि घटाकर 2 वर्ष की जाए तथा प्रदेश में तैनात व ईमानदारी से अपना कार्य कर रहे लगभग 40,000 अनुबंध कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से राहत प्रदान की जाए।

वर्तमान सरकार ने चुनाव से पहले अनुबंध कर्मचारियों से यह वादा किया था कि उनके सरकार में आने के तुरंत बाद अनुबंध अवधि 3 वर्ष से घटाकर 2 वर्ष की जाएगी, परंतु आज सरकार के 3 वर्ष बीतने के पश्चात भी यह निर्णय नहीं लिया गया है। बैठक में यह तय किया गया कि कांगड़ा के सभी पदाधिकारी अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रो के प्रतिनिधियों व कैबिनेट मंत्री को इस बारे ज्ञापन सौंपेंगे।

बैठक में वार्तालाप करते हुए नवनियुक्त अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों की बहुत सी मांगों को अपने समृद्धि, खुशहाली व शांति भरे 3 वर्षाें में पूर्ण किया है तथा उन्हें भी पूर्ण आशा है, उनके कुशल नेतृत्व में सरकार अनुबंध कर्मचारियों की मांग को भी जल्द से जल्द पूरा करेगी।