सुधीर शर्मा के नामांकन के लिए उमड़ा जन सैलाब

धर्मशालाः धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार सुधीर शर्मा ने शुक्रवार को सैंकड़ों लोगों की उपस्थिति में अपना नामांकन भरा। कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर शर्मा का हौंसला बढ़ाने और उन्हें आशीर्वाद देने के लिए लोग सुबह 10 बजे से ही दाड़ी मैदान में एकत्रित होना शुरू हो गए थे।

नामांकन से पूर्व सुधीर शर्मा ने अपने परिवार सहित कुल देवी मां अंबिका और ग्राम देवता परखेलू नाग की पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। सुधीर शर्मा करीब 12 बजे दाड़ी मैदान पहुंचे। दाड़ी मैदान में उपस्थित सैंकड़ों लोगों ने सुधीर शर्मा का गर्म जोशी से स्वागत किया और सुधीर शर्मा जिन्दावाद के नारे लगाए।

ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सुधीर शर्मा को कंधे पर बिठाकर मंच तक ले गए, इस दौरान सुधीर शर्मा के समर्थकों ने उन पर फूल बरसाते हुए उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की और उन्हें भविष्य का नेता करार दिया।

यह भी पढ़ेंः मनकोटिया समर्थकों का केवल सिंह पठानिया को मिला साथ, नाराज नेता भी एक मंच पर हुए एकजुट

अपने संबोधन के दौरान सुधीर शर्मा भारी जन सैलाव को देखकर उत्साहित हुए और उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी असली ताकत है। सुधीर शर्मा ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी कांग्रेस सरकार बहुमत के साथ बनेगी और भाजपा की तानाशाही से जनता को निज़ात मिलेगी।


सुधीर शर्मा ने कहा कि आगामी कांग्रेस सरकार लोगों के अच्छे भविष्य की नींव रखने के लिए बचनवद्ध है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में जीत उनकी नहीं बल्कि आम जनता की होगी। सुधीर शर्मा अपना नामांकन भरने के लिए रैली स्थल से करीब साढ़े 12 बजे एस.डी.एम. कार्यालय के लिए रवाना हुए।

इस दौरान उनके साथ 99 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता शंकर प्रधान, बहादुर सिंह कपूर पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत नरवाणा व ब्लॉक कांग्रेस महासचिव एवं बी.डी.सी. चेयरमैन मंजू चौधरी मौजूद रहे। रैली स्थल में ब्लॉक कांग्रेस, सेवा दल, युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।

संवाददाताः ब्यूरो धर्मशाला