नाचन विधानसभा क्षेत्र के सियासी समंदर में अपनों की सुनामी से हड़कंप

संजीव कुमार। गोहर

सियासत में किस्मत आजमाने के लिए मंडी जिला के नाचन विस् क्षेत्र में भी सियासी संग्राम छिड़ गया है। हालांकि अभी विस् चुनाव 2022 का बिगुल नहीं बजा है। मगर कांग्रेस, भाजपा और आप ने नाचन विस् क्षेत्र में चुनावी कदमताल शुरू कर दी है। मंडी जिला के नाचन क्षेत्र से करीब 1 दर्जन के करीब लोगों ने कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन दाखिल कर दिया है।

कांग्रेस पार्टी से टिकट के चाहवानों में नाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव टेक चंद डोगरा के पुत्र संजू डोगरा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह कौशल, नरेश चौहान, केसरी लाल, शिवानी चौहान, ब्रम्हदास चौहान, फत्ता चंद, हेमराज आजाद, प्रेम लाल गुड्डू, निका राम चौहान, चुन्नी लाल और कैप्टन सेवक राम सरीखे कांग्रेस के सिपाहियों ने नाचन से कांग्रेस टिकट के लिए हुंकार भर दी है।

सूबे में पिछले विस् चुनावों में सर्वाधिक लीड लेने वाले नाचन विस् हल्के में भाजपा में भी गुटबाजी देखने को मिल रही है। कैडर के हिसाब से नाचन में विधायक विनोद कुमार मजबूत है। मगर नाचन से वर्तमान विधायक विनोद कुमार की राहों में उनके ही पार्टी के कुछ लोग रोड़ा बनकर सामने आए हैं। विस् उप चुनावों में नाचन में भाजपा मंडी जिला के अन्य हल्कों में पिछड़ गई थी। भाजपा के सर्वेक्षणों में नाचन के वर्तमान विधायक विनोद कुमार के प्रति सियासी दाव सटीक नहीं बैठ रहे है।

इस पर गिद्ध दृष्टि रखे नाचन से भाजपा के डॉ. ललित चंद्रकांत जन सम्पर्क अभियान में जुट कर सियासी जमीन तलाशने नाचन के गांव-गांव निकल पड़े है। डॉ. चंद्रकांत ने अपनी नौकरी छोड़ दी है और पार्टी के प्रति चुनावी नाव में चल पड़े है। चंद्रकांत के साथ पिछले पंचायत चुनावों में जिला परिषद के लिए किस्मत आजमाने वाले गोहर के दान गांव के ज्ञान चंद जिन्हें सीएम जयराम का सिपहसालार माना जाता है ने बदले की भावना से विधायक विनोद के खिलाफ चुनावी तान छेड़ दी है।

ज्ञान चंद को जिप सीट हराने में वे विधायक विनोद का हाथ मानते है। हारने के बाद ज्ञान ने ऐलान किया था कि जिस तरह मुझे जिप चुनावों में हराया गया ठीक उसी प्रकार विधायक विनोद कुमार को विस् चुनावों में पटखनी दूंगा। जिससे विधायक विनोद कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती है।

ज्ञान चंद और डॉ. ललित चंद्रकांत के अलावा एक और सख्श अधिवक्ता कमलकांत भी नाचन से विधायक विनोद को मात देने के लिए सियासी जमीन तलाश रहे है। नाचन में आप पार्टी से देश की सबसे कम उम्र की सरपंच रही जबना चौहान, समाज सेवी राकेश कुमार, भीम सिंह डोगरा और कुलदीप बताए जा रहे है। अब देखना यह होगा कि नाचन का सियासी जहाज कहां लैंड करता है। यह भविष्य के गर्भ में हैं।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें।