रमेश बराड़ सीएम से उठाएंगे फोरलेन प्रभावितों का मुद्दा

लोगों से मिलकर जिला परिषद के चेयरमैन ने दिया भरोसा, आज कांगड़ा आ रहे जयराम ठाकुर

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

जिला परिषद कांगड़ा के चेयरमैन रमेश सिंह बराड़ ने मंगलवार को कछियारी में फोरलेन प्रभावितों से बात की। ये परिवार फोरलेन की जद में आकर विस्थापन की आशंका को लेकर सरकार से न्याय मांग रहे हैं। इन लोगों ने रमेश बराड़ को बताया कि उन्हें विस्थापित न किया जाए। इस पर जिला परिषद के चेयरमैन रमेश बराड़ ने कहा कि वह इन परिवारों के साथ हैं। वह सीएम जयराम ठाकुर के कांगड़ा दौरे के दौरान इन परिवारों का मसला उनके समक्ष जोर-शोर से उठाने जा रहे हैं।

बराड़ ने कहा कि वह विस्थापन का दर्द समझते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता की हर मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हैं। मुख्यमंत्री इन परिवारों से अन्याय नहीं होने देंगे। बराड़ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकारें शानदार काम कर रही हैं। आज मोदी दुनिया भर में लोकप्रिय हैं। वहीं, सीएम जयराम ठाकुर भी हिमाचल की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे हैं। गौर रहे कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को कांगड़ा आ रहे हैं। वह सुबह सवा दस बजे गगल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। उसके बाद वह नगरोटा बगवां और कांगड़ा जाएंगे।