एक माह तक फल बांटेगी सेवा भारती कांगड़ा

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 से ग्रस्त मरीज़ों में लगातार हो रहे इज़ाफ़े के कारण आज ज़ोनल अस्पताल धर्मशाला के कोविड-19 विभाग में तक़रीबन 80-85 मरीज़ उपचाराधीन हैं। उनके लिए अच्छे भोजन व फल इत्यादि देने में अस्पताल प्रशासन कई कठिनायीयों का सामना कर रहा है, जिसकी आपूर्ति हेतु ज़ोनल अस्पताल धर्मशाला प्रशासन ने सेवा भारती कांगड़ा के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल से प्रतिदिन मरीज़ों को एक महीने के लिए फल देने का आग्रह किया।

सेवा भारती के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से अपनी टीम के अन्य सदस्यों से सलाह कर के इस पुनीत कार्य को अपने ज़िम्मे लेने की स्वीकृति दे दी। फलस्वरूप आज से ही सेवा भारती कांगड़ा टीम, जिसमें अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के साथ अन्य सदस्य जोगेंद्र सिंह राणा, ओम प्रकाश व करतार सिंह ढढवाल ने ज़ोनल अस्पताल धर्मशाला जाकर 2 दिन के लिए सेव व केले करोना मरीज़ों हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी गुरदर्शन गुप्ता के कार्यालय में उनकी टीम को उपलब्ध करवा दिए हैं। सेवा भारती टीम ने अस्पताल प्रशासन को एक महीने तक मरीज़ों को लगातार फल बांटने का भरोसा दिया है।