कुल्लू के ये पांच देवता नदी पार से ही लेते हैं दशहरा उत्सव में भाग

These five deities of Kullu take part in Dussehra festival from across the river
नदी पार ही निभाई जाती है सभी देव परंपरा

कुल्लू : जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में जहां अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। तो वही 300 से अधिक देवी देवता ढालपुर मैदान में दशहरा उत्सव की शान बढ़ा रहे हैं। वहीं ढालपुर मैदान में सालों पुरानी देव परंपरा का भी निर्वहन किया जा रहा है। यह परंपरा देवता के हारियानों द्वारा निभाई जा रही है और इस परंपरा को देखने के लिए देश विदेश से भी सैलानी ढालपुर मैदान पहुंच रहे हैं। ऐसे में जिला कुल्लू की घाटी के पांच ऐसे देवता भी है जो दशहरा उत्सव के लिए अपने मंदिर से ढालपुर की ओर तो रवाना होते हैं। लेकिन हर साल व्यास नदी के दूसरे छोर पर वह 7 दिनों तक दशहरा उत्सव मनाते हैं।

व्यास नदी के दूसरे छोर पर अंगुली नामक स्थान पर देवता आजीवन नारायण सोयल, सरवन नाग सौर, शुकली नाग तांदला, जीव नारायण जाना और मलाणा के जमदग्नि ऋषि देवता शामिल है। देवता व्यास के दूसरी ओर से ही दशहरा उत्सव की सभी परंपराओं का पालन कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार दशहरा उत्सव में देवता को नदी पार करके जाना पड़ता है। लेकिन यह देवता नदी पार नहीं करते हैं। ऐसे में देवता के साथ आए लोग दोपहर के समय दशहरा उत्सव देखने जाते हैं और शाम को दशहरा उत्सव देखकर वापस आते हैं।

देवता आजीमल नारायण के कारदार केहर सिंह का कहना है कि वह बचपन से इसी परंपरा को निभाते आए हैं। देवता हर साल यहीं से दशहरा मनाते हैं और बाकी सभी परंपराओं का भी पालन किया जाता है। यहां पर देवताओं के सिर्फ निशान लाए जाते हैं और देवता का रथ यहां पर नहीं आता है। जब तक दशहरा समाप्त नहीं होता तब तक यहां पर पांचों देवता विराजमान रहते हैं और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

यह भी पढे़ं : डाइट में शामिल कर रहें हैं कच्चे स्प्राउट्स? तो जरुर पढ़ें ये खबर…..

भगवान रघुनाथ के छड़ी बरदार महेश्वर सिंह का कहना है कि यह परंपरा कई सालों पुरानी है। पहले मलाणा के लोग नदी के दूसरे किनारे खाना भी नहीं खा सकते थे। अब परंपरा में थोड़ा बदलाव हुआ है। लेकिन दशहरा उत्सव के दौरान यह देवता व्यास नदी के दूसरे किनारे पर ही रहते हैं और वहीं से ही सभी परंपराओं का निर्वाह किया जाता है।

देवता के पुजारी चमन लाल का कहना है कि देवता दशहरा उत्सव के सभी परंपराओं का पालन यहीं से करते हैं और यहां पर श्रद्धालुओं की समस्या का भी देवता के द्वारा निपटारा किया जाता है। देवता के दर्शन को हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने से लोग यहां पर पहुंचते हैं।

पुजारी कुबेर गौड़ का कहना है कि यहां पर देवता के साथ आए हरियान व श्रद्धालुओं के खाने पीने की व्यवस्था भी पुरोहित परिवारों के द्वारा की जाती है। यहां पर 7 दिनों तक श्रद्धालु देवता के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं और सालों पुरानी परंपरा का पालन आज भी किया जा रहा है।

वहीं देवता के दर्शनों को पहुंचे श्रद्धालु सावित्री, मोनू का कहना है कि वह देवता के दर्शनों के लिए व्यास नदी के दूसरे किनारे पर पहुंचते हैं और दोपहर के समय दशहरा उत्सव का भी मजा लेते हैं। देवता की सभी रीति-रिवाजों का पालन व्यास नदी के दूसरे किनारे पर ही किया जाता है और सालों से यह परंपरा निभाई जा रही है।

संवाददाता : मनीष ठाकुर

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।