दशहरा उत्सव को ढालपुर पहुंचे देवी देवता

international dussehra festival
भगवान रघुनाथ के दरबार में नवाया शीश

कुल्लू: अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में भाग लेने के लिए बुधवार को देवी हिडिंबा और अन्य देवी-देवता जहां ढालपुर मैदान पहुंच गए हैं। वहीं, भगवान रघुनाथ के मंदिर में भी इन देवताओं का आना जारी है। देवी हिडिंबा भी बुधवार सुबह रामशिला से रघुनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए जहां पर राजपरिवार के सदस्यों द्वारा देवी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैंज घाटी के देवता लक्ष्मी नारायण सहित अन्य देवी देवताओं ने भगवान रघुनाथ के दरबार में हाजिरी भरी।

बुधवार को भगवान रघुनाथ के मंदिर में सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा हुआ है और मंदिर में भी काफी रौनक है। वहीं, हर साल की तरह सैकड़ों देवी-देवताओं के दर्शन इस साल लोग कर पाएंगे। क्योंकि कोरोना संकट के चलते 1 साल तक प्रतिबंध भी लगा रहा। भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा के लिए भी सुबह से ही मंदिर में कार्रवाई चली हुई है जिसके तहत पुजारियों ने सुबह भगवान रघुनाथ की विशेष पूजा अर्चना की। इस दौरान देवी हिडिंबा ने भी रघुनाथ मंदिर में दशहरा उत्सव के शांतिपूर्वक संपन्न होने के बारे में देववाणी की।

यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया एम्स बिलासपुर का उद्धाटन

भगवान रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने कहा कि देवी देवताओं ने भगवान रघुनाथ के मंदिर में हाजिरी भरी है और दोपहर डेढ़ बजे भगवान ढालपुर मैदान के लिए रवाना होंगे। देवी देवताओं व हजारों श्रद्धालुओं सहित यह उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

भगवान रघुनाथ के मंदिर में दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु राजन सलहुरिया का कहना है कि सुबह से ही जिला कुल्लू के विभिन्न इलाकों से आए देवी देवता भगवान रघुनाथ के दरबार पहुंच रहे हैं। तो वहीं श्रद्धालु भी सभी देवी देवताओं के दर्शन कर रहे हैं। ऐसे में अब की बार भी भगवान रघुनाथ 7 दिनों तक अपने अस्थाई शिविर में भक्तों को दर्शन देंगे।
संवाददाताः मनीष ठाकुर
हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें।