ग्राम पंचायत कोठी को मिला नया पंचायत घर

विधायक इंद्र सिंह गांधी ने किया उदघाटन

उमेश भारद्वाज। मंडी
जिला मंडी के बल्ह विधानसभा की ग्राम पंचायत कोठी में 12 लाख की लागत से नवनिर्मित पंचायत घर का उदघाटन सोमवार को स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मंडी के रहने वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और साथ ही बल्ह के लोगों के द्वारा भाजपा का विधायक चुन कर भेजा है। इसी वजह से बल्ह में इतना विकास हो पा रहा है। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व के बल्ह विधायक प्रकाश चौधरी ने जनता के साथ केवल झूठ ही बोला है।

मात्र बोर्ड टांगने से नहीं बनता मिनी सचिवालय: गांधी

कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि मिनी सचिवालय के नाम पर मात्र एक बोर्ड टांग देने से सचिवालय नहीं बन जाता है। उन्होंने कहा कि प्रकाश चौधरी ने जनता को ना तो इसकी लागत बताई और कितनी जमीन इसके लिए उपयोग में लाई जाएगी। उन्होंने केवल झूठी घोषणाऐं ही की थी। इस वजह से जनता ने उन्हें इस तरह से हराया है कि आज उन्हें टिकट लेने के भी लाले पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी हुए पंचायती राज चुनावों में भी उन्ही के अधिकतर प्रधान चुन कर आए हैं।

भाजपा सरकार ने दी ग्राम पंचायत कोठी को दी करोड़ों की सौगातें

इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि 42 लाख रुपए इस पंचायत में अब तक विकास कार्यों के लिए आ चुका है और 18 लाख रुपए उन्होंने अपनी निधि से इस क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अब तक आबंटित किए हैं। इसके अलावा पंचवटी योजना के लिए 10 लाख देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पंचायत में बनने वाले वेटरनरी अस्पताल के लिए बजट की घोषणा और लेदा, दसेहड़ा और सलापड़ पेयजल योजना के लिए 1 करोड़ 42 लाख के बजट की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि विधायक बल्ह इंद्र सिंह गांधी के साथ स्थानीय कोठी पंचायत प्रधान अंजना कुमारी, उप प्रधान नरेश राठौड़, युवा मोर्चा अध्यक्ष संदीप चंदेल, भाजपा बल्ह मंडल उपाध्यक्ष गीतानंद सोनी, बल्ह मंडल महामंत्री राजेंद्र राणा, गुरुकोठा शक्ति केंद्र अध्यक्ष जयदेव चौहान, महामंत्री प्रेम सिंह ठाकुर, लेदा शक्ति केंद्र अध्यक्ष संजय कुमार, युवा मोर्चा महामंत्री ठाकुर दास, किसान मोर्चा महामंत्री अमर सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।