हिमाचल में एक बार फिर बदलने वाला मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी के आसार

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश में दो फरवरी से बारिश और बर्फबारी का दौर फिर से शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने दो फरवरी से ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी, जबकि निचले हिस्सों में बारिश की आशंका जताई है। प्रदेश में चार फरवरी तक मौसम खराब बना रहेगा।

प्रदेश के निचले इलाकों में धुंध छाए रहने को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मंडी, कांगड़ा, बिलापसुर, ऊना में सुबह और शाम के समय धुंध छाई रहेगी, ऐसे में विजीबिलिटी कम होगी। पर्यटकों व स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है और लोगों से वाहन चलाते समय अधिक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

सोमवार को राजधानी शिमला में दिनभर मौसम साफ बना रहा। मौसम साफ बने रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीते तीन दिन से मौसम साफ बना हुआ है लेकिन सुबह शाम ठंड से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश में दो फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से हिमाचल के मैदानी व निचले पर्वतीय क्षेत्र में बारिश जबकि मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावनाएं हैं।

वहीं, अगर न्यूनतम और अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति में माइनस -13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर और ऊना में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।