जोगिंद्रनगर में हादसे में गंभीर घायल महिला को नहीं मिली एंबुलेंस, तीमारदारों का फूटा गुस्सा

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

जोगिंद्रनगर में घटना दुर्घटनाओं से घायलों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों की पोल खुल गई है। गहरी खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई सीमा देवी को निःशुल्क 108 एंबुलेंस का लाभ न मिलने से परिजनों का गुस्सा फूटा है। करीब 40 मिनट तक घायल महिला के परिजन एंबुलेंस की मांग के लिए फोन करते रहे। लेकिन उन्हें एंबुलैंस शहर में न होने का हवाला देकर निराश किया गया।

खून से लथपथ महिला को परिजनों ने निजी वाहन के सहारे अस्पताल पहुंचाया। यहां पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस की लचर सेवाओं पर खूब भड़ास निकाली। मंगलवार को धार पंचायत के झमेहड़ गांव की सीमा देवी (48) गहरी खाई में गिर गई थी। जिससे उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें पहुंची थी।

खून से लथपथ महिला को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए सीमा देवी के बेटे रोहित ने कई फोन 108 एंबुलेंस सेवाओं में किए लेकिन उन्हें एंबुलैंस किसी अन्य मरीज को लेकर शहर से बाहर होने का हवाला देकर एंबुलेंस के लिए इंतजार करने का भरोसा दिलाया। घायल महिला के पति लालमन और बेटे रोहित ने बताया कि एंबुलेंस का इंतजार एक से डेढ़ घंटे का माना जा रहा था। ऐसे में अगर वह घायल को अस्पताल में पहुंचाने में देरी करते तो उसकी जान पर जोखिम भी पैदा हो सकता था।

सीमा देवी मंगलवार को अपने घर के नजदीक जब खेतों में किसी काम के लिए जा रही थी तभी अचानक गहरी खाई में जा गिरी। कड़ी मशक्कत के साथ उसे निकाला गया। लेकिन अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलैंस सुविधा नहीं मिल पाई। बहरहाल घायल महिला जोगेंद्रनगर अस्पताल में उपचाराधीन है।

चिकित्सकों की एक टीम उसे स्वास्थ्य लाभ दिलाने में जुटी हुई है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इसी बीच घायल महिला के परिजनाों ने प्रदेश स्वास्थ्य विभाग से लचर 108 एंबुलैंस सेवाओं में सुधार लाने की मांग की है ताकि घटना और दुर्घटनाओं में घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिल पाए।

एक एंबुलेंस के सहारे उपमंडल की सवा लाख आबादी…

जोगिंद्रनगर उपमंडल की सवा लाख आबादी की घटना और दुर्घटना में अगर कोई घायल हो तो उसके लिए महज एक 108 एंबुलैंस का ही सहारा है। स्थानीय अस्पताल में अरसे पहले दो 108 एंबुलेंसें घायलों के लिए तैनात थी। इनमें एक एंबुलेंस को अकारण हटा लिया गया है। लडभड़ोल क्षेत्र में अभी भी 108 एंबुलैंस की सुविधा का अभाव बना हुआ है। हालांकि मार्च माह में जोगिंद्रनगर में एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक और एंबुलेंस उपलब्ध करवाने की घोषणा कर रखी है।

इधर रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष व एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि स्थानीय अस्पताल में एंबुलेंस सुविधाओं में विस्तार हो इसके लिए वह प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में है। उन्होंने घायल महिला को 108 एंबुलेंस न मिलने पर चिंता जताई। वहीं जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिलाने का आहवान किया है।