अभिनेता मिलिंद सोमन ने चंबा के लोगों को दिए हेल्थ टिप्स

Actor Milind Soman gave health tips to the people of Chamba
मिलिंद ने चंबा के लोगों से लगवाए पुशअप
उज्जवल हिमाचल। चंबा

आयरनमैन के नाम से विख्यात सुप्रसिद्ध मॉडल व अभिनेता मिलिंद सोमन ने चंबा के लोगों को हेल्थ टिप्स दिए। जैसे ही मिलिंद सोमन के चंबा पहुंचने का स्थानीय लोगों व युवाओं को पता चला तो वे तुरंत उनसे मिलने के लिए पहुंच गए। लेकिन, मिलिंद सोमन ने लोगों से कहा कि पहले 20-20 पुशअप लगाओ उसके बाद ही मैं आपसे मिलूंगा। इस तरह उनसे मिलने पहुंचे युवाओं सहित अन्य लोगों ने पहले पुशअप लगाए। उसके बाद मिलिंद सोमन उनसे मिले।

इस दौरान मिलिंद सोमन ने लोगों को स्वस्थ रहने के उपाय भी बताए। सोमन तीन दिनों तक चंबा के चमीनू में रहे। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को स्वस्थ रहने के लिए अपने जीवन में कुछ नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। सुबह उठने के बाद व्यायाम व योग करना स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक होता है। इसे हमें अपनी दिनचर्या का ही एक हिस्सा बनाना है। इसके साथ ही स्वस्थ रहने के लिए अच्छा खान-पान भी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि तली हुई चीजों का सेवन करने से बचें तथा पोषणयुक्त आहार लें।

यह भी पढ़ें : पूर्व भाजपा सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सिर्फ ठगा: देवीलाल ठाकुर

यदि सभी लोग स्वस्थ रहने के लिए इन बातों का ध्यान रखते हैं तो निश्चित तौर पर वे अन्य लोगों से कहीं अधिक स्वस्थ होंगे। साइकिल चलाना भी स्वस्थ रहने के लिए काफी लाभदायक होता है। इसके बाद सोमन मिलिंद ने लोगों के साथ मिलकर चमीनू में चंपा, देवदार सहित अन्य पौधे भी रोपे। पौधे रोपने के बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। सभी लोगों को पौधारोपण करना चाहिए। मिलिंद ट्रायथलॉन, महिलाओं के लिए पिंकथॉन व मैराथॉन सहित अन्य कई प्रकार की गतिविधियों में भाग लेकर लोगों को फिट रहने का संदेश देते रहते हैं।

वहीं, युवाओं मुस्कान, सूरज, ज्योति तथा तुषार ने कहा कि उन्हें मिलिंद सोमन से मिलकर काफी अच्छा लगा। वह एक बहुत ही स्वस्थ जीवन जीते हैं। उन्होंने स्वस्थ रहने के बारे में कई प्रकार के टिप्स दिए, जिनका बहुत महत्व है। उनके द्वारा दिए गए टिप्स को अपने जीवन में उतारेंगे। वहीं, स्थानीय युवा मगनदीप ने बताया कि मिलिंद सोमन तीन दिनों तक चमीनू गांव में रुके। इस दौरान उनसे लोगों को स्वस्थ रहने के बारे में जरूरी बातों का पता चला।

होलिस्टिक हिमालया एफपीसी लिमिटेड भटोली सलूणी की ओर से मोहम्मद रियाज ने मिलिंद सोमन व उनके परिवार को चंबा के पारंपरिक व्यंजन खिलाए। साथ ही इनके स्वास्थ्य लाभ भी बताए। उन्होंने कहा कि चंबा के खान-पान में जड़ी बूटियों का बहुत प्रयोग होता है। चंबा के पारंपरिक व्यंजन मिलिंद सोमन को काफी पसंद आए। वहीं, नॉट ऑन मैप संस्था के सह-संस्थापक मनुज शर्मा ने कहा कि मिलिंद सोमन सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर अपना योगदान देते हैं। उनसे काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने लोगों को हेल्थ टिप्स दिए, जो कि स्वस्थ रहने के लिए काम आएंगे।

संवाददाता : शैलेश शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।