कांगड़ा पहुंचने पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार का व्यापार मंडल ने किया जोरदार स्वागत

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री बनने के बाद चौधरी चंद्र कुमार आज पहली बार कांगड़ा पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने मकर संक्राति के पावन पर्व पर मां बज्रेश्वरी देवी के मंदिर में शीश नवाया और प्रदेश वासियों को मकर संक्राति की शुभकामनाएं दी। उसके उपरांत टंडन कल्ब में व्यापार मंडल कांगड़ा द्वारा व्यापार मंडल के अध्यक्ष वेद प्रकाश की अगुवाई में फूल मालाएं पहनाकर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर नगरोटा सूरियां से सुनिल शर्मा विशेष रुप से उपस्थित रहे।

इस दौरान कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि कृषि विभाग एक बहुत बड़ा उद्योग है। प्रदेश के 70 फ़ीसदी से ज्यादा लोग आज भी कृषि से जुड़े हुए हैं और खेतीवाड़ी ही उनका प्रमुख व्यवसाय है। लेकिन हिमाचल प्रदेश में किसानों की फसलें बेसहारा पशुओं, जंगली जानवरों और पक्षियों और प्राकृतिक आपदाओं से बर्बाद हो रही हैं जिससे आज किसान खेतीबाड़ी छोड़ने को मजबूर हो गया है।

यह भी पढ़ेंः प्राईवेट बस में 8.256 किलोग्राम चरस के साथ 29 वर्षीय युवक गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों को बचाने और उन्हें राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार एक ठोस नीति बनाएगी जिससे एक बार फिर किसान खेत खलिहानों का रुख कर सकेंगे और इससे किसानों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। इस दौरान चौधरी रामकृष्ण, डॉ चौधरी, पंडित वेद प्रकाश, अशोक शर्मा, भूषण लाल, उरविंदर कालरा, तरसेम कुमार, संजय कांचा, संजीव कुमार सहित व्यापार मंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

संवाददाताः ब्यूरो कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।