BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

भारत के पूर्व कप्तान और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना से ग्रसित होने पर उन्हें कोलकाता केप्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांगुली को कोरोना होने की खबर बीती रात पता चली जब उनका टेस्ट रिजल्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद उनके परिवार के सदस्यों का भी कोरोना टेस्ट कराया गया है। 49 साल के गांगुली फिलहाल डॉक्टर की निगरानी में हैं।

ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते संकट के बीच सौरव गांगुली को कोरोना होने की खबर चिंता बढ़ाने वाली है। बता दें कि इससे पहले साल की शुरुआत में भी खराब तबीयत होने के कारण सौरव गांगुली अस्पताल में भर्ती हुए थे। इस साल जनवरी में सौरव गांगुली को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। हालांकि, उसके बाद वो ठीक होकर लगातार काम कर रहे थे।

वैक्सीन की दोनों डोज के बाद हुआ कोरोना…

सौरव गांगुली को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। इसके बाद उन्हें कोरोना हुआ है। नए साल के आने से पहले गांगुली के फैंस के लिए ये अच्छी खबर नहीं है। लोग उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। दूसरी ओर उनके परिवार के सदस्यों के कोरोना जांच की रिपोर्ट मिलनी अभी बाकी है।