आज से ही फील्ड में डट जाएं भाजपा कार्यकर्ता : सुरेश कश्यप

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

भाजपा जिला शिमला के कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन आज भाजपा मुख्यालय दीप कमल चक्कर शिमला में किया गया। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप , भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल , जिला शिमला की प्रभारी डेज़ी ठाकुर, प्रदेश सचिव पायल वैद्य एवं कुसुम सदरेट उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रवि मेहता द्वारा की गई। बैठक में भाजपा समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार भी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनावों में भाजपा एक एक गांव पर ध्यान केंद्रित कर काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंचायत से पार्लमेंट की नीति पर काम करती है और यह चुनाव इसका पहला चरण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेगी और इन चुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को चुनावी टिप देते हुए कहा कि वह जल्द ही अपनी चुनाव टोली का निर्माण भी करेंगे और घर-घर तक संपर्क बनाएं।

यह चुनाव 2022 के विधानसभा चुनावों की आधारशिला है। भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि आज से ही भाजपा के कार्यकर्ता चुनावों की दृष्टि से फील्ड में डट जाएंगे। इन चुनावों में भी भाजपा बूथ स्तर पर कार्य करेगी और एक सटीक रणनीति के साथ चुनावों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को चुनाव प्रबंधन के टिप्स दिए।