#Breaking: ऊना में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, जिंदा जलने से 6 महिलाओं की मौत-12 घायल

उज्जवल हिमाचल। ऊना

ऊना जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। ऊना के टाहलीवाल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में पहले धमाका हुआ और धमाके के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 10-15 महिलाओं के जलने की खबर है। अब तक 6 महिलाओं की मौत की पुष्टि हो गई है। 12 लोग गंभीर रूप से घायल है। आग पर फिलहाल आगू पा लिया गया है।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। आग बुझाने के लिए अग्निशमन की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार हरोली के टाहलीवाल स्थित पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ है। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। आग की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए। घायलों को ऊना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पटाखों की फैक्ट्री अवैध थी।

ऊना के एसपी अर्जित सेन के मुताबिक ये फैक्ट्री टाहलीवाल इंडस्ट्रियल एरिया के पास बाथरी में थी। धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है और करीब 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।