मंडी में फर्जी दस्तावेज के साथ गिरफ्तार हुई चीनी महिला को मिली सवा 4 माह की सजा

Chinese woman arrested with fake documents in Mandi got 4 months sentence
मंडी में फर्जी दस्तावेज के साथ गिरफ्तार हुई चीनी महिला को मिली सवा 4 माह की सजा

उज्जवल हिमाचल। मंडी
बीते साल मंडी के जोगिंद्रनगर से फर्जी दस्तावेज के साथ पकड़ी गई चीनी महिला को अदालत ने दोषी करार देते हुए सवा चार महीने की सजा सुनाई है। उक्त महिला 4 महीने से ज्यादा सजा पूरी कर चुकी है। अगले हफ्ते सजा पूरी होने के बाद महिला को चीनी सरकार को सौंपा जाएगा।

बता दें कि मंडी जिला पुलिस ने जोगिंद्र उपमंडल के तहत चौंतड़ा के तिब्बती मॉनिस्ट्रिी से बीते वर्ष 22 अक्टूबर 2022 की रात को इस चीनी महिला को गिरफ्तार किया था। महिला फर्जी दस्तावेज के साथ खुद को नेपाली मूल की बताकर सितंबर 2022 से मॉनिस्ट्रिी में रह रही थी।

यह खबर पढ़ेंः चंबा में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण खेल संस्थान में युवाओं को मिल रहा स्कीइंग का प्रशिक्षण

यह महिला यहां पर बौद्ध धर्म की शिक्षा ग्रहण करने यहां आई थी। पुलिस को जब उक्त महिला के नेपाली ना होने की भनक लगी तो उसके कमरे की तलाशी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से कुछ संदिग्ध दस्तावेज भी मिले, जिममें कुछ दस्तावेज चीन और नेपाल के थे।

दोनों दस्तावेजों में महिला की अलग-अलग उम्र लिखी गई थी। वहीं महिला के पास 6 लाख 40 हजार भारतीय व 1 लाख 10 हजार की नेपाली करंसी भी बरामद हुई थी। इस महिला के पास पुलिस को दो मोबाइल फोन भी मिले थे। इन्हीं संदिग्ध बातों को ध्यान में रखते हुए उक्त महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

उक्त महिला को 23 अक्टूबर 2022 को जोगिंद्रनगर की अदालत में पेश किया गया था। वहीं केंद्र सरकार को भी इसकी सारी जानकारी भेजी गई थी। 4 महीने चली अदालत की कार्रवाई के बाद उक्त महिला को अदालत ने सवा 4 महीने की सजा सुनाई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।