राष्ट्रीय स्तर के मंच पर प्रदर्शित हुई दड़ूही पंचायत पर बनी डॉक्यूमेंट्री

पंचायत प्रधान उषा बिरला के किए विकास कार्यों की हुई तारीफ

उज्जवल हिमाचल। हमीरपुर

जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत दडूही को वर्ष 2001 के लिए बाल हितैषी पुरस्कार प्रदान किया गया था। इसी आधार पर हिमाचल सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पंचायत की डॉक्यूमेंट्री दिखाने के लिए पंचायत में बाल हितैषी कार्यों की डॉक्यूमेंट्री बनाई गई। 17 फरवरी, 2023 से 19 फरवरी, 2023 तक भारत की चुनिंदा पंचायतों के कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए भुवनेश्वर उड़ीसा में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें हिमाचल प्रदेश के 12 पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

हिमाचल प्रदेश की दो पंचायतों द्वारा अपने कार्यों को डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रगति प्रदर्शित किया। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत दडूही की प्रधान उषा बिरला द्वारा हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए लोगों को संबोधित किया तथा किस आधार पर पंचायत में विकास कार्य करवाए गए पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने लोगों को अवगत करवाया कि पंचायत द्वारा अन्य विभागों के साथ मिलकर बच्चों के लिए कार्य किया, जिसमें मुख्य रुप से प्रवासी बच्चों की स्कूल में पंजीकरण करवाना शामिल था। दडूही पंचायत में जो प्रवासी मजदूर रहते हैं, उनके बच्चे स्कूल नहीं जाते थे।

यह भी पढ़ेंः नालागढ़ में 15 दिन में कुत्तों ने दर्ज़नों लोगों को बनाया अपना शिकार

प्रधान उषा बिरला द्वारा इस कार्य के लिए दो कमेटियां बाल शिक्षा समिति एवं बाल संरक्षण समिति बनाई गई तथा उन द्वारा प्रवासी कॉलोनियों में बार-बार लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया और सभी बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित किया। अब पंचायत दडूही में कोई भी बच्चा घर नहीं रहता, सभी स्कूल जाते हैं।

इसी कार्य को मध्यनजर रखते हुए पंचायत की डॉक्यूमेंट्री को वहां प्रदर्शित किया। जिला हमीरपुर के लिए यह गर्व की बात है कि इस पंचायत की प्रधान उषा बिरला, जोकि लगातार तीसरी बार प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं, ने अपने विशेष प्रयासों से हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए हमीरपुर जिला का गौरव बढ़ाया है।

संवाददाताः विजय ठाकुर

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।