एसडीएम जोगिंद्रनगर का फेसबुक पेज शुरू, लोगों को होगी सुविधा

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

उप मंडलाधिकारी (नागरिक) जोगिंद्रनगर कार्यालय ने अपना फेसबुक पेज शुरू कर दिया है। एसडीएम जोगिंद्रनगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने मीडिया कर्मियों की मौजूदगी में इस फेसबुक पेज का शुभारंभ किया। इस मौके पर बोलते हुए एसडीएम डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने कहा कि जोगिंद्रनगर उपमंडल से संबंधित जानकारी को आमजन तक पहुंचाने के लिए इस फेसबुक पेज की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर पर्यटन की दृष्टि से एक अहम स्थान रखता है। यहां पर धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण स्थान मौजूद है। ऐसे में यहां की जानकारी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए यह फेसबुक पेज एक माध्यम का काम करेगा।

यह भी देखें : हिमाचल में सवर्ण आयोग के गठन का एससी, एसटी, ओबीसी मोर्चा ने किया विरोध…

फेसबुक पेज के माध्यम से न केवल स्थानीय लोगों, बल्कि पर्यटकों को भी जोगिंद्रनगर उपमंडल के महत्वपूर्ण स्थानों की सही जानकारी प्राप्त होने से इस क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस फेसबुक पेज के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को भी लोगों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर उपमंडल से संबंधित किसी ऐतिहासिक व धार्मिक दृष्टि से किसी भी प्रकार की जानकारी लोगों के पास उपलब्ध है, तो वे इस कार्यालय को अवगत करवा सकते हैं, ताकि ऐसे स्थानों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।

साथ ही कहा कि जोगिंद्रनगर प्रशासन की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण सूचानाओं की जानकारी भी इसी प्लेटफॉर्म पर स्थानीय लोगों को उपलब्ध करवाने का भी प्रयास किया जाएगा। इससे जहां लोगों को सही व सटीक सूचना उपलब्ध रहेगी, तो लोगों को अनावश्यक परेशानी से भी निजात मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से इस फेसबुक पेज के माध्यम से यहां के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थानों की जानकारी को आमजन के साथ साझा किया जाएगा।