फिल्मों से दूर हरमन बावेजा ने की साशा रामचंदानी से सगाई

उज्जवज हिमाचल। डेस्क

लंबे समय से फिल्मी दुनिया से दूर अभिनेता एवं प्रोड्यूसर हरमन बावेजा ने सगाई कर ली है। बावेजा ने वेलनेस कोच साशा रामचंदानी के साथ जिंदगी के अगले पड़ाव पर जाने का फैसला लिया है। दोनों की सगाई चंडीगढ़ में हुई है। बावेजा और साशा के दोस्तों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इसके अलावा कई लोगों ने रोका सेरेमनी की तस्वीरें भी शेयर की हैं। इस बारे में सबसे पहले हरमन बावेजा की सिस्टर रोवेना ने खबर दी थी।

तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, दोनों को शुभकामनाएं। परिवार में साशा रामचंदानी का स्वागत है। सेलिब्रेशन्स के लिए इंतजार नहीं कर सकती। वी लव यू। तस्वीर में हरमन बावेजा कुर्ता पायजामा में नजर आ रहे हैं, जबकि साशा सलवार कमीज पहने हुए हैं। तस्वीर में दोनों ही मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। हरमन बावेजा फिल्म निर्देशक हैरी बावेजा के बेटे हैं। 2008 में आई फिल्म लव स्टोरी 2050 से हरमन बावेजा ने अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म का निर्देशन उनके पिता हैरी बावेजा ने ही किया था। प्रियंका चोपड़ा भी इस फिल्म का हिस्सा थीं, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर चल नहीं पाई थी।