हिमाचलः कांगड़ा में अतिक्रमण करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

नगर परिषद कांगड़ा ने आज पुलिस के सहयोग से कांगड़ा शहर में एक बार फिर अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन के इस अभियान में सब्जी मार्केट में लगाई गई रेहड़ी-फड़ी को हटाया गया और उन्हें चयनित स्थान पर रेहड़ी-फड़ी लगाने की हिदयात दी गई। इस मौके पर नगर परिषद और पुलिस के कर्मचारियों ने सड़क के किनारे बैठे रेहड़ी-फड़ी वालों को उठाया और कईयों का सामान भी जब्त कर लिया।

इस दौरान रेहड़ी फड़ी वालों को चेतावनी दी गई कि उन्होंने अगर दोबारा कब्जा किया, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वीरवार को 20-25 रेहड़ी-फहड़ी वालों का सामान हटाया गया। प्रशासन की दलील है कि सड़क के किनारे किसी को भी रेहड़ी-फड़ी लगाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर परिषद, प्रशासन व पुलिस ने रेहड़ी फड़ी वालों को हटाया था।

एसएचओ कांगड़ा विजय कुमार शर्मा ने कहा कि सड़क के किनारे बने फूटपाथ पर पैदल चलने वाले राहगीरों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके लिए नगर परिषद कांगड़ा व पुलिस द्वारा कांगड़ा में अतिक्रमण करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की। कार्यवाही करते हुए कॉलेज रोड और मुख्य सड़क किनारे से रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान भी जब्त किया गया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि येलो मार्किंग पर सब्जी विक्रेताओं ने अपना कब्जा कर लिया, उनको हटाकर उन्हें ऐसा न करने की हिदायत भी दी गई।

यह भी पढ़ेंः 10वीं रिजल्टः हमीरपुर की इशिता और कनिष्का आई टॉप टेन में

नगर परिषद व पुलिस प्रशासन द्वारा आज अभियान सब्जी मार्केट, मेन बाजार, कॉलेज रोड के अलावा मुख्य मार्ग पर चलाया गया। इस दौरान जो भी रेहड़ी-फड़ी राहगीरों के लिए परेशानी का सबक बनी हुई थी, उसे हटाने के आदेश जारी किए गए। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बिल्कुल भी रेहड़ी-फड़ी न लगाने के आदेश जारी किए गए।

तहसीलदार कांगड़ा एवं अतिरिक्त कार्यभार कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद कांगड़ा परवीन कुमार ने बताया कि मुझे इस अतिक्रमण अभियान की सूचना मिली थी, पर किसी जरूरी कार्य के चलते वह इस अभियान में शामिल नहीं हो सके। इस अभियान में नगर परिषद कांगड़ा के कर्मचारी, पुलिस जवान और स्थानीय पटवारी अश्वनी कुमार मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।