महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाएगी जाइका परियोजना: राकेश पठानिया

विनय महाजन। नूरपुर

हिमाचल प्रदेश के वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा है कि प्रदेश में चलाई जा रही “जाइका परियोजना” महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर तथा आर्थिक तौर से सुदृढ़ बनाने में विशेष भूमिका निभाएगी। यह विचार उन्होंने आज शुक्रवार को नूरपुर के बौड़ में “जाइका परियोजना” के तहत वन मंडल नूरपुर में महिलाओं के लिए आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए व्यक्त किए।

इस मौके पर वन मंत्री की धर्मपत्नी वंदना पठानिया, “जाइका” के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश गुलेरिया, मुख्य अरण्यपाल डीआर कौशल, एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएफओ कुलदीप जम्वाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वन मंत्री ने बताया कि 800 करोड़ रुपए की वित्त पोषित ‘जाइका परियोजना ’ ( जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी ) को प्रदेश के सात जिलों के 9 वन सर्कल के तहत 22 वन मंडलों में चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में 400 ग्राम वन विकास समितियों का गठन किया जाएगा । जिसमें से 6 जिलों में अब तक 268 ग्राम वन विकास समितियों का गठन किया जा चुका है। इन समितियों के गठन के उपरांत प्रदेश के 100 स्वयं सहायता समूहों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर कार्य शुरू कर दिया है। इसके अतिरिक्त 300 अन्य समूहों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा है।

पठानिया ने बताया कि कांगड़ा ज़िला में इस परियोजना के तहत 66 ग्राम वन विकास समितियों का गठन किया जा रहा है, जबकि नूरपुर वन मंडल के तहत 30 वार्डों को इस परियोजना में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत कांगड़ा ज़िला में आगामी पांच वर्षों में 135 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लागू होने से वन क्षेत्र में वृद्धि होने के साथ-साथ ग्रामीण लोगों विशेषकर महिलाओं की आर्थिकी काफी सुदृढ़ होगी।

उन्होंने परिवार की खुशहाली के लिए स्वयं सहायता समूहों सहित महिला मंडल सदस्यों से इस परियोजना के तहत पंजीकरण करवाने के लिए आगे आने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इस परियोजना के अंतर्गत जोड़कर स्वरोजगार के बेहतर उपलब्ध करवाए जा सकें

उन्होंने “जाइका परियोजना” के बेहतर संचालन के लिए विभाग की प्रशंसा की। इससे पहले, “जाइका” के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश गुलेरिया ने परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं तथा अन्य लोगों से इस परियोजना से जुड़ने का आग्रह किया। मुख्य अरण्यपाल डीआर कौशल ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा ज़िला में “जाइका परियोजना” के बारे में जानकारी दी।

बीडीओ श्याम सिंह,ज़िला परिषद सदस्य अर्पणा देवी, नगर परिषद उपाध्यक्ष रजनी महाजन, भाजपा मंडलाध्यक्ष कुलदीप पाठक, महिला मोर्चा की अध्यक्षा दीक्षा पठानिया, प्रदेश भाजयुमो सचिव भवानी पठानिया, भाजपा नेता सिकंदर राणा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र चौधरी, भाजपा एसटी मोर्चा अध्यक्ष अमित शर्मा सहित “जाइका परियोजना” तथा वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं व अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।