हिमाचलः विश्व शांति कल्याण के लिए शक्तिपीठ ज्वालामुखी में गुप्त नवरात्रे शुरू

हिमाचलः विश्व शांति कल्याण के लिए शक्तिपीठ ज्वालामुखी में गुप्त नवरात्रे शुरू

उज्जवल हिमाचल। ज्वालामुखी
विश्वविख्यात ज्वालामुखी मंदिर (Jwala Maa) में आज आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि का आगाज हुआ। गुप्त नवरात्रे 19 जून से 27 जून तक चलेंगे। आज गुप्त नवरात्रि का विधिवत आरंभ कन्या पूजन के साथ विधायक संजय रत्न, एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा, तहसीलदार सुभाष कुमार, न्यास सदस्य पुजारी अविनेद्र शर्मा, दिव्यांशु भूषण दत्त व अन्य न्यास सदस्यों द्वारा विधिवत पूजा अर्चना से किया गया। इसके साथ ही 71 पुजारी और विद्वान पंडितों को माता के जप पाठ का विधिवत संकल्प भी दिलवाया गया।

इस उपलक्ष्य पर पुजारी वर्ग लाखों की संख्या में विश्व कल्याण और विश्व शांति व वैश्विक महामारी के नाश के लिए जप, पूजा व पाठ लगातार 8 दिन तक करेंगे। गुप्त नवरात्रों में मां ज्वाला के मूल मंत्र, बटुक भैरव, गणपति, गायत्री व दुर्गा सप्तशती व अन्य जप व पाठ किए जाएंगे। मन्दिर न्यास व पुजारी महासभा द्वारा प्राचीन परंपराओं को बरकरार रखा गया है। विधायक संजय रत्न ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद कन्या पूजन भी किया।

यह भी पढ़ेंः हिमाचलः हाउस टैक्स में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ शहरवासियों ने जमकर की नारेबाजी

विधायक संजय रत्न ने सभी प्रदेशवासियों को गुप्त नवरात्रों की बधाई दी और कहा कि माता ज्वाला सभी के जीवन मे सुख शांति प्रदान करे और सभी के बिगड़े काम बनें व मां ज्वाला का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परम्परा के अनुसार गुप्त नवरात्रों में पूजा, जप व पाठ विश्व कल्याण के लिए किया जाएगा।

पुजारी वर्ग व विद्वान जप, पाठ व अनुष्ठान करेंगे। पुजारी व न्यास सदस्य अविनेद्र शर्मा ने बताया कि आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्र प्राचीन परम्पराओं को निभाते हुए शुरू हो गए हैं, और विश्व कल्याण हेतु सभी पुजारी वर्ग लाखों की संख्या में जप व पाठ करेंगे और 26 जून को माँ ज्वाला का प्रकटोत्सव मनाया जाएगा।

संवाददाताः पंकज शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।