विश्व शांति कल्याण के लिए शक्तिपीठ ज्वालामुखी में माघ मास के गुप्त नवरात्रे शुरू

विश्व शांति कल्याण के लिए शक्तिपीठ ज्वालामुखी में माघ मास के गुप्त नवरात्रे शुरू

उज्जवल हिमाचल। ज्वालामुखी
विश्वविख्यात ज्वालामुखी मंदिर में आज आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्रे शुरू हो गए हैं, जो कि 30 जनवरी तक चलेगें। आज गुप्त नवरात्रि का विधिवत आरंभ ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न, मन्दिर अधिकारी विचित्र सिंह व पुजारी वर्ग द्वारा विधिवत पूजा अर्चना से की गई।

इसके साथ ही पुजारी वर्ग और विद्वान पंडितों को माता के जप पाठ का विधिवत संकल्प भी दिलवाया गया। इस उपलक्ष्य पर पुजारी वर्ग विश्व कल्याण और विश्व शांति व वैश्विक महामारी के नाश के लिए सोशल डिस्टेंस में जप, पूजा व पाठ लगातार 8 दिन तक करेगें। गुप्त नवरात्रों के दौरान विश्व शांति व विश्व कल्याण के लिए मां ज्वाला के मूल मंत्र, बटुक भैरव, गणपति, गायत्री जप व पाठ किए जाएंगे।

मन्दिर न्यास व पुजारी महासभा प्रधान अविनेद्र शर्मा ने बताया कि पुजारी वर्ग द्वारा प्राचीन परंपराओं को बरकरार रखा गया है। परम्परा के अनुसार गुप्त नवरात्रों में पूजा, जप व पाठ विश्व कल्याण व वैश्विक महामारी के नाश के लिए किया जाएगा। पुजारी वर्ग जप, पाठ व अनुष्ठान करेंगे और प्रशासन द्वारा दिए गए नियमों व दिशा-निर्देशों के तहत ही सभी कार्य सम्पन्न होगें।

यह भी पढ़ेंः 19 से 25 फरवरी तक मंडी में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव

विश्व कल्याण हेतु सभी पुजारी वर्ग लाखों की संख्या में जप व पाठ करेंगे। उन्होंने बताया कि हिन्दू धर्म में नवरात्र मां दुर्गा की साधना के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण माने जाते हैं। नवरात्र के दौरान साधक विभिन्न तंत्र विद्याएं सीखने के लिए मां भगवती की विशेष पूजा करते हैं।
तंत्र साधना आदि के लिए गुप्त नवरात्र बेहद विशेष माने जाते हैं। माघ मास व आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली नवरात्र को गुप्त नवरात्र कहा जाता है। इस नवरात्रि के बारे में बहुत ही कम लोगों को जानकारी होती है। विधायक संजय रत्न ने सभी प्रदेशवासियों को गुप्त नवरात्रों की शुभकामनाएं दी और पूरे विश्व के कल्याण की सुख-शांति समृद्धि की कामना की।

संवाददाताः पंकज शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।