चुनावी वर्ष में गुड़ियाकांड फिर बन रहा मुद्दा, डीसी ऑफिस के बाहर बीजेपी महिला मोर्चा का प्रदर्शन

उज्जवल हिमाचल। शिमला

प्रदेश को शर्मसार करने वाले जघन्य गुड़िया कांड में चुनावी वर्ष में सियासत एक बार फिर चरम पर हैं। गुड़िया के परिवार को न्याय मिल पाया या नहीं इस पर दोनों बड़े दल खामोश हैं। गुड़िया के परिजन भी मामले में आये फैसले से ज्यादा संतुष्ट नहीं हैं और न्याय की गुहार लगाने के लिए सरकार का दरवाजा खटखटा चुके हैं। अब कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का इसे छोटा मामला बताने के बाद भाजपा सड़कों पर है। भाजपा महिला मोर्चा ने गुड़िया कांड को छोटा मामला बताने पर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के खिलाफ डीसी कार्यालय शिमला के बाहर धरना दिया।

भाजपा नेत्री नीलम सरैक ने कहा कि यह शर्म की बात है कि प्रतिभा सिंह ने गुड़िया मामले को छोटा मामला बताया है। एक महिला होने के नाते उन्होंने हिमाचल की महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह भी झूठे बयान देकर उन्हें बचाने में लगे हैं जो वीडियो सामने आया वह एक लाइव स्ट्रीम से आया है जिसे बदला नहीं जा सकता लेकिन विक्रमादित्य का कहना कि मीडिया ने वीडियो से छेड़छाड़ की है।

नीलम ने कहा कि गुड़िया केस अभी भी समाज के लिए एक संवेदनशील मुद्दा है और प्रतिभा सिंह को अपने बयान के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।